शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र में मंगलवार को सदन की कार्यवाही 11:00 बजे शुरू हुई। 11 से 12 बजे के बीच प्रश्नकाल बगैर किसी गतिरोध के चला। प्रश्नकाल में नगरोटा बगवां के कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह बाली ने सदन में मेडिकल कॉलेज टांडा में मरम्मत के लिए आईजीएमसी शिमला से कम बजट जारी करने का मामला उठाया। बाली ने कहा कि मरम्मत के लिए पहले आरकेएस का बजट होता था। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी से ज्यादा काम टांडा कॉलेज में है। क्या आईजीएमसी शिमला के बराबर बजट मिलेगा? सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अगर कॉलेज के शिक्षक और प्रधानाचार्य आरकेएस के माध्यम से कुछ करना चाहते हैं तो सरकार इसमें हस्तक्षेप नहीं करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि एक साल के भीतर आईजीएमसी शिमला और मेडिकल कॉलेज टांडा को अच्छे से विकसित किया जाएगा। लंबे समय से टांडा मेडिकल कॉलेज में एसआर शिप का कोई पद सृजित नहीं हुआ है। यहां पर पदों का सृजन होगा।





