Home » ताजा खबरें » हिमाचल के हेमचंद और हर्षिता ने विशेष ओलंपिक में भारत को दिलाए रजत पदक…

हिमाचल के हेमचंद और हर्षिता ने विशेष ओलंपिक में भारत को दिलाए रजत पदक…

शिमला : इटली के तूरिन में चल रहे विशेष ओलंपिक विश्व शीतकालीन खेलों में हिमाचल के खिलाड़ियों ने देश के लिए दो पदक जीते हैं। सिरमौर के हेमचंद और शिमला की हर्षिता ठाकुर ने स्नो बोर्डिंग स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम कर लिए हैं। विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर से मेघा शर्मा व हेमचंद शर्मा हिस्सा ले रहे हैं। मेघा शर्मा हेमचंद की कोच भी हैं। प्रतियोगिता में मेघा शर्मा क्राॅस कंट्री स्कीइंग और हेमचंद स्नो बोर्डिंग खेल में भाग ले रहे हैं। आस्था वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, उपाध्यक्ष संजीव शर्मा और सोसायटी की समन्वयक रूचि कोटिया ने बताया कि इटली में 7 से 14 मार्च तक आयोजित हो रही प्रतियोगिता में हिमाचल के आठ जिलों के 14 खिलाड़ी अपना दम दिखा रहे हैं। हिमाचल स्की पर्वतारोहण टीम ने जम्मू और कश्मीर के गुलमर्ग में शानदार प्रदर्शन किया है। कुल छह पदक जीतते हुए टीम को ओवरऑल दूसरी रैंकिंग मिली है। हिमाचल की टीम ने असाधारण प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक हासिल किए। अध्यक्ष प्रवीण कुमार पिंटू ने बताया कि पहले दिन महिलाओं की वर्टिकल रेस में रजत और कांस्य जीते। दूसरे दिन महिलाओं की वर्टिकल रेस में स्वर्ण और रजत, तीसरे दिन पुरुषों की रिले रेस में कांस्य, चौथे दिन महिलाओं की रिले रेस में स्वर्ण पदक जीता। राज्य संघ के सदस्य कपिल नेगी ने इसका श्रेय विधायक मनाली भुवनेश्वर गौड़ को दिया है। उन्होंने एथलीटों के कौशल को निखारने में जनवरी में हामटा में आयोजित राज्य चैंपियनशिप का आयोजन किया। इस आयोजन से खिलाडि़यों का मनोबल बढ़ा है। आगरा में प्रस्तावित अंडर-14 हैमर बॉल नेशनल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की टीम दमदार उपस्थिति दर्ज करवाएगी। हैमर बॉल एसोसिएशन हिमाचल के कोच सुमित शर्मा ने टीम की घोषणा कर दी है। बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों में अभी, हर्षित, कपिल, सूर्यांश, राजकुमार, सात्विक, अक्षित कटोच, अर्णव, तुषार, उत्कर्ष, आरव शर्मा, आदित्य ठाकुर, अयान राणा, संचित जसवाल, शुभम और सूर्य शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने अपने कौशल और मेहनत से यह अवसर प्राप्त किया है। आगरा में अंडर-14 हैमर बॉल नेशनल चैंपियनशिप गोवर्धन स्टेडियम में 21 से 23 मार्च तक आयोजित होगी। कोच सुमित शर्मा ने बताया कि टीम पूरी तरह से तैयार है और प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *