Home » ताजा खबरें » हॉस्टल छोड़ो या दोगुना फीस भरो’ हिमाचल में जम्मू की गर्भवती छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप…

हॉस्टल छोड़ो या दोगुना फीस भरो’ हिमाचल में जम्मू की गर्भवती छात्रा को प्रताड़ित करने का आरोप…

लाइव हिमाचल/सोलन: हिमाचल के सोलन जिले के वाकनाघाट स्थित बाहरा विश्वविद्यालय के निदेशक पर गर्भवती छात्रा ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में छात्रा ने पुलिस थाना कंडाघाट में शिकायत दर्ज करवाई है। छात्रा का आरोप है कि निदेशक ने उसे छात्रावास छोड़ने के लिए कहा है। यह भी कहा कि अगर छात्रावास में रहना है तो दोगुना फीस का भुगतान करना होगा। बता दें कि जम्मू-कश्मीर की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि वह 2023 से बाहरा विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई कर रही है और छात्रावास में ही रहती है। 2024 में उसका विवाह हो गया। अब वह जब फरवरी में छुट्टियों के बाद छात्रावास पहुंची तो निदेशक ने उसे यह कहकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया कि यहां गर्भवती महिलाएं नहीं रहेंगी। छात्रा ने आरोप लगाया कि निदेशक ने हॉस्टल छोड़ने के लिए निरंतर दबाव बनाया। उसे कहा गया कि अगर छात्रावास में ही रहना है, तो दोगुना फीस भरे। प्रताड़ना की जानकारी उसने विश्वविद्यालय प्रबंधन को भी दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद पुलिस थाना कंडाघाट में शिकायत दी गई, लेकिन वहां भी ढिलमुल रवैया देखने को मिला। इसके बाद उसने जम्मू-कश्मीर की साइबर ब्रांच की टीम से संपर्क किया और पुलिस थाना कंडाघाट से संपर्क करवाया। वहां से संपर्क के बाद पुलिस ने उसकी शिकायत पर निदेशक से पूछताछ की। पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है और जब वह हॉस्टल में आई थी तो उस समय कोई शर्त नहीं बताई गई थी। अब वह पूरे साल की छात्रावास फीस जमा करवा चुकी है, जिसे वापस करने से भी मना किया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ बाहरा विश्वविद्यालय के निदेशक हरबंस लाल का कहना है कि महिला झूठे आरोप लगा रही है। छात्रावास की वॉर्डन समय-समय पर उसकी देखभाल कर रही है और विश्वविद्यालय की एंबुलेंस भी उसकी मदद कर रही है। छात्रावास में परिवार के बच्चों की तरह व्यवहार किया जाता है। छात्रा को प्रताड़ना वाली कोई बात नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *