Home » ताजा खबरें » सुन्नी-लुहरी रोड पर अनियंत्रित होकर गिरा ट्रक,चालक की मौत…

सुन्नी-लुहरी रोड पर अनियंत्रित होकर गिरा ट्रक,चालक की मौत…

लाइव हिमाचल/शिमला: राजधानी शिमला से सटे सुन्नी-लुहरी सड़क पर खैरा प्रोजेक्ट के पास गुरुवार तड़के एक ट्रक के हादसे का शिकार होने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर रवाना हुई।ट्रक रामपुर से सुन्नी की ओर आ रहा था। खैरा नामक स्थान पर चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया, जिससे ट्रक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक प्रेमचंद (52) पुत्र करमचंद, निवासी गांव सूजा, डाकघर मठारो तहसील एवं थाना जोगिंद्रनगर जिला मंडी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक में चालक के साथ बैठे जयपाल (27), पुत्र शीशराम निवासी गांव परनू डाकघर परनू तहसील अर्की जिला सोलन को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी जलोग के प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस थाना सुन्नी से मुख्य आरक्षी ओम प्रकाश और आरक्षी चमन लाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक संतुलन खोना माना जा रहा है लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।बता दें कि पिछले दिनों सुन्नी इलाके में सीमेंट से भरे एक ट्रक के खाई में गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हुई थी। दोनों मृतक सोलन जिला के अर्की के रहने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *