लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल प्रदेश में ट्रेजरी बंद को लेकर छिड़े घमासान के बीच सरकार ने 80 करोड़ की पेमेंट का जल्द भुगतान करने का निर्णय लिया है। इसे लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आज हुई मीटिंग में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में मीडिया से बातचीत में कहा, दो दिन के भीतर फाइनेंस सेक्रेटरी बजट रिलीज करेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने निर्णय लिया है कि छोटे काम की पेमेंट का जल्द भुगतान कर दिया जाए।पीडब्ल्यूडी मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों का काम हमेशा गाना गाते रहना हैं। उन्होंने कहा, जयराम ठाकुर को इतनी चिंता ठेकेदारों की नहीं बल्कि जनता की होनी चाहिए। उन्होंने कहा, सभी ठेकेदारों की पूरी पेमेंट चरणबद्ध ढंग से दी जाएगी। प्रदेश पर पूर्व सरकारों के समय से वित्तीय संकट है। कांग्रेस सरकार इससे निपट रही है। जानकारी के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी ठेकेदारों को सरकार ने 825 करोड़ से अधिक का भुगतान करना है। यह भी बताया जा रहा है कि ‘ए’ श्रेणी के कई ठेकेदारों का 50 लाख से अधिक का भुगतान लंबित है। ठेकेदार बार-बार पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों के पास जाकर भुगतान की मांग कर रहे हैं। लेकिन भुगतान नहीं दिया जा रहा है।





