लाइव हिमाचल/काज़ा : लाहौल एवं स्पीति जिले की विधायक अनुराधा राणा ने सोमवार को काज़ा के अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में आयोजित परियोजना सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में जनजातीय विकास कार्यक्रम योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए 40 करोड़ 64 लाख रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। विधायक ने कहा कि स्पीति में विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकासात्मक कार्यों और जन कल्याणकारी योजनाओं को गति देकर समय पर पूर्ण किया जाए। बैठक में विभिन्न लंबित विकासात्मक कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विधायक ने सर्दी के मौसम को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को सड़कों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, खासकर दूरदराज के क्षेत्रों में सम्पर्क सड़कों की स्थिति को सुधारने की आवश्यकता जताई, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा, जल शक्ति विभाग को सर्दी में पेयजल संकट से निपटने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए गए। काज़ा और ताबो में सीवरेज निर्माण कार्यों को भी तेज करने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को क्षेत्र में विद्युत कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।विधायक ने कृषि विभाग से किसानों को उन्नत बीज, कृषि उपकरण, टैंक और पाइप्स समय पर उपलब्ध कराने की अपेक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे स्पीति में चल रही योजनाओं का जमीन पर जाकर निरीक्षण करें, ताकि सरकार की नीतियों का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे। बैठक में एसडीएम शिखा और परियोजना अधिकारी भी उपस्थित थे।





