



लाइव हिमाचल/मनाली: चुनाव होने के लगभग 37 दिन बाद नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष 6 जनवरी को अपने पद की शपथ लेंगे। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद ही मनाली शहर के रुके हुए विकास कार्यों को गति मिल सकेगी। 29 नवंबर को हुए चुनाव में मनोज लारजे अध्यक्ष चुने गए थे, जबकि सुनीता शर्मा उपाध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुनी गई थीं। हालांकि, शपथ ग्रहण में देरी के चलते वे अब तक अपने पदभार नहीं संभाल पाए। मनाली नगर परिषद में 9 सितंबर को चमन कपूर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद नगर परिषद में कोई नया काम शुरू नहीं हो पाया। 29 नवंबर को हुए चुनाव के बावजूद, राजनीतिक दबाव के कारण शपथ में जानबूझकर देरी का आरोप लगाया। अध्यक्ष मनोज लारजे ने कहा कि शहरी विकास विभाग ने अब शपथ ग्रहण की तारीख तय कर दी है। एसडीएम रमण कुमार शर्मा ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह नगर परिषद के सभागार में आयोजित किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद जनरल हाउस की बैठक आयोजित कर विकास कार्यों को शुरू करने पर चर्चा होगी। इस प्रक्रिया से मनाली के रुके हुए विकास कार्यों को जल्द ही गति मिलने की उम्मीद है।