Home » ताजा खबरें » हिमाचल को संतुलित विकास का आदर्श बनाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य : संजय अवस्थी

हिमाचल को संतुलित विकास का आदर्श बनाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य : संजय अवस्थी  

लाइव हिमाचल/सोलन: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का उचित निदान करना और विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। संजय अवस्थी आज अर्की में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत उपस्थित जनसमूह से वार्तालाप कर रहे थे। विधायक ने इस अवसर पर सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी और आशा जताई कि सभी के सहयोग से हिमाचल देश में पहाड़ी क्षेत्रों में संतुलित विकास का आदर्श बनकर उभरेगा। संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का सर्वागींण विकास करने के लिए वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा रोज़गार एवं स्वरोज़गार क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रदान करने के निर्णय से हमारे छात्र जहां विश्व स्तर पर अधिक प्रतियोगी बनेंगे वहीं तकनीक के क्षेत्र में होने वाले नित बदलावों को सहजता से ग्रहण भी कर पाएंगे। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में दीर्घकालिक परिवर्तन करने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चरणबद्ध आधार पर रॉबोटिक्स शल्य चिकित्सा सहित व्यापक स्तर पर टेलीमेडिसन और ड्रोन के माध्यम से दुर्गम क्षेत्रों में दवाई इत्यादि पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इनसे बहुमूल्य जीवन बचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में विविधता लाने और किसानों को उनकी उपज के बेहतर मूल्य दिलाने के लिए कार्य कर रही है। प्राकृतिक कृषि के उत्पादों को बेहतर मूल्य दिलाने के लिए मक्की उत्पाद के साथ नवीन शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर रोज़गार उपलब्ध करवाने और उन्हें वित्तीय रूप से ठोस स्वरोज़गार स्थापित करने की दिशा में राजीव गांधी स्टार्ट-अप योजना मील का पत्थर सिद्ध हो रही है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार की इन योजनाओं का लाभ उठाएं और प्रदेश तथा अपनी आर्थिकी को मज़बूत बनाएं। उन्होंने इस अवसर पर लोहारघाट में उप तहसील खोलने व कुनिहार को नगर पंचायत बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अर्की से बसंतपुर, घड़याच, टेपरा, नम्होल इत्यादि 07 ग्राम पंचायतों को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से जोड़ने के लिए बस सुविधा आरम्भ हो गई है। इस बस सुविधा से क्षेत्र के लोग व्यापक तौर पर लाभान्वित होंगे।

विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र की दूर-दराज ग्राम पंचायत सारमा में शीघ्र ही पटवार वृत्त खोला जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर देश को गंभीर आर्थिक संकट से निकालने और अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं के सम्पर्ण के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह को स्मरण किया। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को लोगों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं के शीघ्र निपटारे के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, बाघल लैंड लूजर के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के सतीश कश्यप, रोशन वर्मा, सुरेंद्र पाठक, धनीराम ठाकुर, प्यारेलाल, कमलेश शर्मा, उपमण्डलाधिकारी अर्की यादविंदर पाल, पुलिस उपाधीक्षक दाड़लाघाट संदीप शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता शशिपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायतों के जन प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]