Home » ताजा खबरें » बंजार के तांदी गांव में भीषण अग्निकांड, 17 घर मंदिर गौशालाएं जलकर ख़ाक, 10 करोड़ स्वाह

बंजार के तांदी गांव में भीषण अग्निकांड, 17 घर मंदिर गौशालाएं जलकर ख़ाक, 10 करोड़ स्वाह

लाइव हिमाचल/कुल्लू: जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार के तांदी गांव में लगी आग से 17 मकान पूरी तरह से जलकर राख हो गए। इसके अलावा छह गौशालाएं भी आग की चपेट में आ गईं। प्रशासन ने फिलहाल 10 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का आकलन किया है, जबकि यह नुकसान अभी बढ़ सकता है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को 15-15 हजार रुपए की फौरी राहत दी है। इसके अलावा प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से कंबल, बर्तन रजाई सहित अन्य जरूरी सामान भी वितरित किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह आग एक गौशाला से शुरू हुई और फिर फैलती हुई मकानों तक जा पहुंची। हालांकि अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन सूखी घास व लकड़ी के चलते आग काफी तेजी से फैली और 17 मकान इसकी चपेट में आ गए। इसके अलावा मकानों के साथ बनाई गईं छह गौशालाएं भी पूरी तरह से जल गईं। इस हादसे में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन प्रभावित परिवारों का घर समेत सारा सामान जलकर राख हो गया है। आगजनी की सूचना मिलते ही बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी प्रभावित परिवारों के साथ मुलाकात की। वहीं एसडीएम बंजार पंकज शर्मा भी नायब तहसीलदार के साथ गांव पहुंचे और उन्होंने भी प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की। बंजार की विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि आगजनी के चलते यहां पर करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। ऐसे में वह इस नुकसान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार से भी बात करेंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को उचित राहत राशि मिल सके और वे फिर से अपने मकान का निर्माण कर सके। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि फिलहाल 10 करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है और प्रभावित परिवारों को भी राहत राशि तथा जरूरी सामग्री बांट दी गई है। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों के रहने की व्यवस्था भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]