Home » क्राइम » शिमला के कुफरी में पर्यटकों और घोड़ा संचालकों में झड़प, दो घायल…

शिमला के कुफरी में पर्यटकों और घोड़ा संचालकों में झड़प, दो घायल…

लाइव हिमाचल/शिमला: पर्यटन स्थल कुफरी में स्नो बूट बदलने को लेकर पर्यटकों और स्थानीय दुकानदारों के बीच रविवार को विवाद हो गया। यह विवाद अचानक हाथापाई में बदल गया और पर्यटकों ने चाकू से वार कर तीन लोगों को घायल कर दिया। स्थानीय लोगों से मामले की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल हुए तीनों लोगों को इलाज के लिए तुरंत प्रभाव से आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को कस्टडी में ले लिया है।आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया. “चारों पर्यटक पंजाब से शिमला के कुफरी में घूमने आए थे। यहां वे एक दुकान में बर्फ में घूमने के लिए स्नो बूट लेने पहुंचे। स्नो बूट को पर्यटकों को किराये पर दिया जाता है। स्नो बूट लेते समय पर्यटकों की दुकानदार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई जो बाद में मारपीट में बदल गई और पर्यटकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।” इस मामले की जांच ढली पुलिस कर रही है।इस हमले में स्थानीय दुकानदार जगदीश शर्मा, शेखर शर्मा और निखिल सिंगटा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही शिमला में कार्निवल के दौरान रात को आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में मारपीट की एक घटना सामने आई थी।इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *