Home » ताजा खबरें » ट्रक लेकर लद्दाख गया देहरा का चालक लापता, 13 दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग…..

ट्रक लेकर लद्दाख गया देहरा का चालक लापता, 13 दिन बाद भी नहीं लगा कोई सुराग…..

लाइव हिमाचल/देहरा: कांगड़ा जिला के उपमंडल देहरा के कटोह टिक्कर निवासी अशोक कुमार (50) के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। अशोक कुमार लेह-लद्दाख अपने ट्रक में सामान लेकर गया था। सामान उतारकर वापसी के दौरान उसने पांग नामक स्थान से अपने परिवार को फोन पर अपनी स्थिति की जानकारी दी थी, लेकिन उसके बाद से ट्रक सहित उसका कोई पता नहीं चल पाया है। अशोक द्वारा घर पर बात न करने के बाद परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना 6 दिसम्बर को पुलिस थाना रक्कड़ में दर्ज करवाई और तुरंत कार्रवाई की मांग की। अशोक कुमार के बेटे निखिल व परिजनों ने प्रशासन और आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उसकी कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। एसएचओ रक्कड़ किशोर चंद ने बताया कि मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अशोक कुमार की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ट्रक नंबर एचपी 78-2680 के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि संभावित मार्गों पर पुलिस चौकियों और ट्रैफिक नाकों को सतर्क कर दिया गया है। इसके साथ ही पांग और आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय अधिकारियों से संपर्क किया गया है लेकिन अभी तक ट्रक चालक कोई पता नहीं चल पाया है।नियोमा (लद्दाख) के एसएचओ इफ्तिखार हुसैन ने बताया कि पांग पोस्ट पर तो गाड़ी की एंट्री है, लेकिन इसके आगे दारचा पोस्ट पर एंट्री नहीं है। सर्च अभियान भी चलाया था, लेकिन उसके आगे पता नहीं चल पाया है। इफ्तिखार हुसैन ने बताया कि अब यूटीडीआरएफ की टीम के साथ दोबारा सर्च शुरू करेंगे और जल्द ही ट्रक चालक को ढूंढने के प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *