One Nation One Election: लोकसभा में चल रहे शीतकालीन सत्र में आज 17 दिसंबर को “वन नेशन वन इलेक्शन” विधेयक पेश किया जा रहा है। ‘संविधान के 129वां संशोधन विधेयक 2024’ का उद्देश्य पूरे देश में “एक राष्ट्र एक चुनाव” प्रक्रिया लागू करना है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस विधेयक को दोपहर 12 बजे पेश करने वाले हैं। वहीं संसद में “वन नेशन वन इलेक्शन” बिल पेश किए जाने से पहले एनडीए सरकार की सहयोगी पार्टियों ने इसे समर्थन दिया है। इस पहल को गठबंधन में शामिल नीतीश कुमार की जेडीयू और चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली टीडीपी और वाईएसआर ने भी समर्थन दिया है। हालांकि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने संवैधानिक चिंताओं का हवाला देते हुए इसका मुखर विरोध करने का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इस विधेयक को देश के संविधान के ढांचे को बदलने का एक असंवैधानिक प्रयास करार दिया है।





