Home » ताजा खबरें » पहाड़ों की रानी शिमला सबसे गर्म, मैदानी इलाको में ठंड वकोहरे का प्रकोप…

पहाड़ों की रानी शिमला सबसे गर्म, मैदानी इलाको में ठंड वकोहरे का प्रकोप…

सबसे गर्म जिला ऊना में न्यूनतम पारा -0.7 डिग्री जबकि हिल्स क्वीन शिमला में 10.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

लाइव हिमाचल/शिमला: हिमाचल में दिसंबर में मौसम में अजब बदलाव हुआ है। मैदानों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और वहीं पहाड़ों में रात का मौसम गर्म । लंबे समय से बारिश न होने और मौसम के शुष्क रहने से शिमला का न्यूनतम पारा पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा है। सबसे गर्म जिला ऊना में न्यूनतम पारा -0.7 डिग्री जबकि हिल्स क्वीन शिमला में 10.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। रविवार को यह 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दो दिन में शिमला के न्यूनतम पारे में तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।  मौसम केंद्र शिमला ने 22  दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। अगले 48 घंटों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले 2-3 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा जिले में आगामी पांच दिनों के दाैरान शीतलहर चलने का येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार रात शिमला का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह दिसंबर में प्रदेश में सर्वाधिक रहने से चौंकाने वाला रहा। शिमला के पर्यटक स्थल कुफरी में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। धर्मशाला में न्यूनतम तापमान 4.0, पालमपुर 3.5, सोलन 1.6, मनाली 3.5, कांगड़ा 3.5, मंडी 1.9, बिलासपुर 2.4, हमीरपुर 0.7, चंबा 2.5 और जुब्बड़हट्टी 5.0  डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ताबो का न्यूनतम तापमान -10.6, कुकुमसेरी -7.1, बरठीं -0.2, समदो -3.8 और बजौरा में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शिमला में न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण दिन के समय आसमान का एकदम साफ रहना है। दिन भर शिमला में चटक धूप होती है। इससे न केवल दिन गर्म हो रहे हैं, बल्कि सर्दी के इस मौसम में रातें भी ज्यादा ठंडी नहीं हो पा रही हैं। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में आसमान पूरी तरह से साफ न होने और धुंध होने के कारण भी ठंडक बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *