Home » Uncategorized » नोएडा में जेल से रिहा हुए किसान फिर गिरफ्तार, CM योगी के ट्वीट के बाद पुलिस ने लिया ऐक्शन

नोएडा में जेल से रिहा हुए किसान फिर गिरफ्तार, CM योगी के ट्वीट के बाद पुलिस ने लिया ऐक्शन

Farmer Protest: ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर चल रहे किसानों के धरने में बीती देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुधीर खलीफा समेत कई अन्य किसानों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया. इसको लेकर किसान नेताओं के परिवार ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया है. नोएडा पुलिस ने बुधवार शाम जेल से रिहा हुए किसानों को देर रात एक बार फिर से गिरफ्तार कर लिया है। सीएम योगी के ट्वीट के बाद पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नोएडा जीरो पॉइंट पर धरना दे रहे किसानों को जबरन उठाकर धरनास्थल खाली कराया था। सीएम योगी की ओर से कहा गया है कि गौतमबुद्धनगर हो या फिर अलीगढ़ अथवा सम्भल किसी को भी अराजकता फैलाने की छूट नहीं दी जा सकती। पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किए गए सभी 123 किसानों को देर शाम रिहा कर दिया था। यूपी सीएम ऑफिस के आधिकारिक ‘एक्स’ हेंडल से किए पोस्ट में कहा गया, ”गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़, सम्भल अथवा कोई अन्य जनपद, कहीं भी अराजकता फैलाने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। जनपद सम्भल में विगत दिनों हुई घटना से जुड़े उपद्रवियों के साथ पूरी कठोरता के साथ निपटें। जिन लोगों ने सार्वजनिक सम्पत्ति को क्षतिग्रस्त किया है, उसे वापस ठीक कराने का खर्च उन्हीं उपद्रवियों से लिया जाए। अराजकता फैलाने वालों को चिह्नित किया जाए। इसके लिए जनता का सहयोग लें, सघन सर्च ऑपरेशन चलाएं। एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए।

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नोएडा के ‘दलित प्रेरणा स्थल’ पर धरना दे रहे किसानों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से गौतमबुद्ध नगर में एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी थी कि अगर एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे दिल्ली की ओर अपना मार्च फिर से शुरू करेंगे। पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए किसान मोर्चा ने कहा कि यह शांतिपूर्ण विरोध के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है और न्यायपालिका से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। किसानों के समूह ने एक बयान में दावा किया कि पुलिस ने “एक सौ से अधिक महिलाओं सहित सैकड़ों किसानों” को गिरफ्तार किया और उन्हें विरोध स्थल से जबरन हटा दिया।हालांकि, पुलिस ने बताया था कि भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर यादव ‘खलीफा’, भारतीय किसान यूनियन (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) के प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना, किसान नेता रूपेश वर्मा, सुनील फौजी, सुनील प्रधान, उदल यादव और अमन भाटी समेत कई किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *