मंडी: हिमाचल के ट्रेडिशनल और हेल्दी फूड कहे जाने वाले सिड्डू को अब एक नया और फनी नाम मिल गया है. मंडी के सेरी मंच पर सजने वाली ग्रामीण हाट में सिड्डू बेचने वाली अंजू शर्मा ने सिड्डू को नया नाम दिया है. ‘मोमो के पापा’, यह वही नाम है जिससे अब सिड्डू को एक नई पहचान मिल रही है. अंजू शर्मा ने बताया कि गत वर्ष उन्हें दिल्ली में आयोजित एक समारोह में सिड्डू का स्टाल लगाने का मौका मिला था. वहां देश भर से जो लोग आए थे, वे हिमाचल के इस ट्रेडिशनल फूड के बारे में नहीं जानते थे, लेकिन जब उन्होंने इसे बनाने का तरीका देखा तो लोगों को लगा कि यह मोमो ही होंगे. तो ऐसे में अंजू शर्मा ने लोगों को समझाया कि यह मोमो नहीं, बल्कि मोमो के पापा हैं और मोमो से स्वाद और हेल्थ के मामले में कई गुणा बेहतर हैं. अंजू शर्मा ने बताया कि दिल्ली में सिड्डू लोगों को खिलाए, जिन्हें लोगों ने खूब पसंद किया. अब अंजू जब भी कहीं स्टाल लगाती हैं तो वहां पर यह बोर्ड जरूर टंगा होता है जिसमें ‘मोमो के पापा’ लिखा होता है. अंजू ने बताया कि यह फनी नाम उन्होंने सिर्फ उन लोगों की सुविधा और आकर्षण पैदा करने के लिए दिया है. जिन्हें इस पारंपरिक व्यंजन के बारे में पता नहीं है; इससे कुछ अंदाजा लगा लेते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल के व्यंजन का नाम बिगाड़ने का उनका कोई इरादा नहीं है. हिमाचल के लोग अपने इस ट्रेडिशनल फूड को उसी नाम से जानते हैं और इसका स्वाद चखने जरूर आते हैं. बता दें कि मंडी शहर के सेरी मंच पर शहरी आजीविका मिशन के तहत सप्ताह के हर शुक्रवार और शनिवार को ग्रामीण हाट सजाई जाती है. इसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं खुद द्वारा निर्मित तरह-तरह के उत्पादों को बिक्री के लिए लेकर आती हैं. इस दौरान यहां खाने-पीने के स्टाल भी लगते हैं. इनमें सबसे ज्यादा भीड़ सिड्डूओं वाले स्टाल पर ही नजर आती है. यहां एक नहीं बल्कि करीब एक दर्जन महिलाएं सिड्डू बेचने आती हैं और उन सभी के पास लोगों की भारी भीड़ लगी रहती है. स्थानीय निवासी हिमांशी, अनवी नेगी और सुधीर कुमार गौड़ ने बताया कि पहले उन्हें सिड्डू खाने के लिए कुल्लू जाना पड़ता था लेकिन अब अपने शहर में ही तरह-तरह के सिड्डू खाने को मिलते हैं. मंडी में मिलने वाले सिड्डूओं का स्वाद अब लोगों की जुबान पर चढ़ गया है. बता दें कि मंडी शहर के सेरी मंच पर सजने वाली इस ग्रामीण हाट से प्रेरणा लेकर अब प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इसी तरह की हाट चलाने की योजनाएं बनाई जा रही हैं, जहां लोगों को स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ स्थानीय खान-पान की चीजें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।





