Home » Uncategorized » हिमाचल में कड़ाके की ठंड, बर्फ से जम गईं झीलें और झरने, माइनस तक जा पहुंचा पारा

हिमाचल में कड़ाके की ठंड, बर्फ से जम गईं झीलें और झरने, माइनस तक जा पहुंचा पारा

शिमला : मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 23 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर ही हिमपात की संभावना है। इससे पहले जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 23 नवंबर को प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर वर्षा व हिमपात की संभावना जताई गई थी। मौसम विभाग ने 27 नवंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान मंडी, ऊना, बिलासपुर और अन्य स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। इस कारण यातायात सेवाएं बाधित हो सकती हैं।

न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे

बद्दी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 320 तक पहुंच गया था जो वीरवार को 109 दर्ज किया गया। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे है। सबसे कम तापमान लाहुल-स्पीति के ताबो में -7.5 डिग्री सेल्सियस है। लाहौल-स्पीति के केलंग में -1.2 व समदो -1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शुष्क ठंड से राहत नहीं मिल रही है। सिंचित क्षेत्रों में रबी की फसलों की बुआई का काम चल रहा है, लेकिन असिंचित क्षेत्रों में वर्षा का इंतजार है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सेऊबाग में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।  प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कोहरे के कारण दिल्ली से ऊना आने वाली हिमाचल एक्सप्रेस रेलगाड़ी वीरवार सुबह निर्धारित समय से 21 मिनट देरी से अंब-अंदौरा पहुंची। वंदे भारत दिल्ली से 19 मिनट देरी से सुबह 6:09 बजे चली और 11 मिनट की देरी से ऊना पहुंची। जन शताब्दी ऊना में 24 मिनट व साबरमति एक्सप्रेस 11 मिनट देरी से पहुंची। हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ माह से वर्षा न होने के बावजूद ठंड बढ़ गई है। सुबह व शाम के समय तापमान जमाव बिंदु से नीचे चल रहा है। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नदी-नाले भी जमने लगे हैं। चंबा जिले में जनजातीय उपमंडल पांगी घाटी को जोड़ने वाले चंबा-तीसा-साचपास मार्ग पर 13000 फीट की ऊंचाई पर स्थित करथला नाला के समीप झरना जम गया है। इसे देखकर ऐसा लगता है कि जैसे बर्फ का पहाड़ हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *