Home » Uncategorized » आईटीआई शाहपुर के छात्रों को ऑन फील्ड ट्रेनिंग देगा जल शक्ति विभाग : केवल पठानिया

आईटीआई शाहपुर के छात्रों को ऑन फील्ड ट्रेनिंग देगा जल शक्ति विभाग : केवल पठानिया

धर्मशाला : प्रदेश के सबसे पुराने संस्थानों में से एक आईटीआई शाहपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को अब जल शक्ति विभाग का शाहपुर मंडल ऑन फील्ड ट्रेनिंग देगा। आईटीआई शाहपुर के तीसरे कौशल दीक्षांत समारोह के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की उपस्थिति में आईटीआई शाहपुर और जल शक्ति विभाग शाहपुर मंडल के बीच इस बाबत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।

धर्माणी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उप मुख्य सचेतक व स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया के प्रयासों से पहली बार ऐसा हो रहा है कि आईटीआई में शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के कौशल विकास को लेकर कोई सरकारी विभाग ऑन फील्ड प्रशिक्षण प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों को भी इस प्रकार के प्रस्ताव बनाकर आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के कौशल विकास को लेकर योजना बनानी चाहिए।

विभाग और प्रशिक्षणार्थी दोनों होंगे लाभांवित : केवल
उप मुख्य सचेतक व विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस तरह के प्रस्ताव पर काम करने के लिए वे लंबे समय से सोच रहे थे। जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पिछले दिनों धर्मशाला में हुई बैठक में उन्होंने यह सुझाव विभाग को दिया था। उन्होंने कहा कि हमारे यहां बड़ी संख्या में युवा हर वर्ष आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं लेकिन ऑन फील्ड काम करने का अनुभव न होने की वजह से अपने ट्रेड में आग काम नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि विभाग के साथ काम करने में जहां उन्हें काम करने का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा, जिससे उनके कौशल विकास के साथ काम के प्रति रूचि और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलेगा। वहीं इन प्रशिक्षुओं की सेवाओं से विभागों को अपने काम के लिए पर्याप्त मानव बल उपलब्ध होगा, जिससे विभाग को भी लाभ है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अन्य विभागों का सहयोग भी इस काम के लिए लिया जाएगा, जिससे आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हमारे युवा अपने ट्रेड से संबंधित ऑन फील्ड अनुभव और ट्रेनिंग विशेषज्ञों से ले सकें।

इन क्षेत्रों में मिलेगा प्रशिक्षण
बकौल पठानिया, आईटीआई शाहपुर में फिटर, पंप ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, ड्राफ्ट्समैन और सर्वेयर के ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को इसका लाभ होगा। इसके बाद आईटीआई शाहपुर में पढ़ने वाले छात्र जल शक्ति विभाग मंडल शाहपुर के माध्यम से फील्ड उपकरण और मशीनरी संचालित करने का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि जल शक्ति डिवीजन शाहपुर आईटीआई शाहपुर के छात्रों को उनकी शैक्षणिक योग्यता और विभागीय जरूरतों के आधार पर पंप हाउस और खेतों में कहीं भी तैनात करेगा और विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विभाग तकनीकी कार्यों के क्षेत्र में संस्थान के साथ संयुक्त कार्यशालाओं, सेमिनार और प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12