शिमला : स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल और राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने जारी संयुक्त प्रेस बयान में केंद्रीय भाजपा नेताओं के हिमाचल को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव के लिए हिमाचल सहित अन्य कांग्रेस शासित राज्यों से वसूली के आरोप लगाने वाले भाजपा नेता बताएं कि उन्हें चुनाव के लिए पूंजीपतियों से कितना धन मिला है।मंत्रियों ने कहा कि चुनावी बॉन्ड के जरिए 6,060 करोड़ रुपये का सबसे ज्यादा चंदा भाजपा को मिला है। ऐसे में केंद्रीय भाजपा नेता वसूली के आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकें। देश का सर्वोच्च न्यायालय भी चुनावी बॉन्ड योजना को असंवैधानिक करार दे चुका है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, झारखंड और उप-चुनावों में पार्टी की जीत तय है और भाजपा के शासन से लोगों में गुस्सा है और इसका परिणाम 23 नवम्बर को सबके सामने होगा। उन्होंने कहा कि हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की बजाय उपलब्ध रोजगार भी छीन लिए। न लोगों के खाते में 15-15 लाख रुपए आए और न ही युवाओं को नौकरी मिली। उन्होंने कहा कि जबसे भाजपा केंद्र में सत्ता में आई है तभी से ही राज्यों में एक-एक करके लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरुआत अरुणाचल प्रदेश से हुई थी जहां कांग्रेस की भारी बहुमत वाली सरकार को गिराया गया था।





