शिमला : हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की सीट पर हुए चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के दौरान विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त और सूबे की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के मामले की जांच कर रही शिमला पुलिस की एसआईटी ने शुक्रवार को कांग्रेस के दो पूर्व बागी और एक पूर्व निर्दलीय विधायक से लंबी पूछताछ की। तीनों पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, देवेंद्र भुट्टो और केएल ठाकुर शुक्रवार को शिमला के बालूगंज थाने में पेश हुए। यह पहला मौका रहा जब तीनों पूर्व विधायक शिमला पुलिस की एसआईटी के सवालों का सामना करने पहुंचे। एसआईटी ने इनसे मामले के विभिन्न बिंदुओं को लेकर अलग-अलग पूछताछ की। तीनों पूर्व विधायकों से पूछताछ का दौर देर शाम तक चला। दिन में करीब 11:30 बजे एसआईटी ने उनसे पूछताछ शुरू की जो शाम करीब 7:30 बजे तक चली। इस तरह लगभग आठ घण्टे तीनों पूर्व विधायकों से एसआईटी ने सवाल दागे। जानकारी अनुसार एसआईटी भी इन पूर्व विधायकों को दोबारा पूछताछ के लिए तलब कर सकती है। राजेन्द्र राणा और देवेंद्र भुट्टो कांग्रेस के विधायक रहे हैं। वहीं केएल ठाकुर निर्दलीय विधायक थे। इसी साल फरवरी माह में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद इन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और भाजपा की टिकट पर विधानसभा उपचुनाव लड़े। हालांकि तीनों को उपचुनाव में शिकस्त का सामना करना पड़ा।
इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में सुजानपुर से पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने कांग्रेस सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर उन्होंने बाहरी प्रत्याशी के बजाय भाजपा के प्रत्याशी को वोट दिया जिससे सरकार नहीं गिरती उल्टा सरकार ने सदस्यता रद्द कर दी।
उन्होंने कहा कि जहां तक फाइव स्टार होटल और हेलीकॉप्टर में सफर करने की बात है, तो मैं साधन सम्पन्न हूं और आधी जिंदगी फाइव स्टार होटल्स में ही गुजारी है, सरकार चाहे तो इनकम टैक्स विभाग में शिकायत कर ले।
एसआईटी चार माह से कर रही क्रॉस वोटिंग मामले की जांच
एसआईटी पिछले करीब चार माह से क्रॉस वोटिंग व राज्य सरकार को अस्थिर करने के मामले की तफ्तीश कर रही है। इस दौरान भाजपा विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा व उनके पिता पूर्व आईएएस राकेश शर्मा, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के प्रचार सलाहकार रहे तरुण भंडारी से पूछताछ की जा चुकी है। मामले के अनुसार आशीष शर्मा और राकेश शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने प्रदेश सरकार को गिराने के लिए षड़यंत्र रचा।
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले तत्कालीन विधायकों के फाइव-सेवन स्टार होटल में ठहरने, खाने-पीने और हेलीकॉप्टर से उन्हें ले जाने का इंतजाम किया। इस मामले में आशीष शर्मा के साथ गगरेट के पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा के रिटायर आईएएस पिता राकेश शर्मा के खिलाफ भी बीते 10 मार्च को शिमला के बालूगंज थाना में भ्रष्टाचार उन्मूलन अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
इस मामले में शिमला पुलिस ने हेलीकॉप्टर कंपनियों के सर्च वारंट हासिल किये हैं। निचली अदालत से शिमला पुलिस ने हेलीकॉप्टर कंपनियों को सी.आर.पी.सी. 93 के तहत नोटिस जारी करने की मांग की थी और सर्च वारंट मिलने पर हैलीकॉप्टर कम्पनियों के रिकार्ड खगालने के लिए गुड़गांव में दबिश दी थी। हालांकि शिमला पुलिस को वहां से बैरंग लौटना पड़ा था। अब शिमला पुलिस कोर्ट से दोबारा सर्च वारंट हासिल कर हेलीकॉप्टर कम्पनियों के दफ्तरों में दबिश देने की तैयारी कर रही है।
10 मार्च को बालूगंज पुलिस स्टेशन में हुई थी एफआईआर
बता दें कि कांग्रेस के विधायक संजय अवस्थी और भुवनेश्वर गौड़ ने बीते 10 मार्च को बालूगंज थाना में आशीष शर्मा और राकेश शर्मा के खिलाफ एफआईआर कराई। एफआईआर में 171 ई, 171सी, 120 बी और भ्र्ष्टाचार निवारण अधिनियम के सेक्शन 7 व 8 में मुकदमा दर्ज हुआ है। इन पर आरोप है कि इन्होंने सरकार को गिराने के लिए षड़यंत्र रचा।
दरअसल बीते 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट के बाद कांग्रेस के छह बागी सहित तीन निर्दलीय विधायक भी करीब दो हफ्ते तक हरियाणा के पंचकूला के एक होटल में ठहरे। इसके बाद वे उतराखण्ड के ऋषिकेष गए। ऋषिकेश से गुड़गांव पहुंचे। इस दौरान इनके ठहरने व खाने-पीने के बिलों का भुगतान जिन्होंने किया, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।





