Home » Uncategorized » Himachal Weather News: हिमाचल के कई जिलों में हुई भारी बारिश, शिमला में भूस्खलन; लोगों ने भागकर बचाई जान

Himachal Weather News: हिमाचल के कई जिलों में हुई भारी बारिश, शिमला में भूस्खलन; लोगों ने भागकर बचाई जान

मनाली : प्रदेश में बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग, शिंकुला सहित अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जबकि बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी जिलों में कुछ स्थानों में भारी वर्षा हुई है।

शिमला में बालूगंज के साथ लगते क्रासिंग में सोमवार दोपहर बाद भूस्खलन हुआ। इस कारण बालूगंज मार्ग बंद हो गया है। भूस्खलन के समय लोग बस का इंतजार कर रहे थे, जिन्होंने भाग कर जान बचाई।

ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित

श्रीनयना देवी में 142.6, बैजनाथ में 120, गुलेर में 78.4, घागस में 60.4, बिलासपुर में 60.2, जोगेंद्रनगर में 57, पालमपुर में 47, कांगड़ा में 44, धर्मशाला में 42.6 व मंडी में 31.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश में 107 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें शिमला में 48, मंडी व कुल्लू में 24-24 सड़कें बंद हैं। इन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं। प्रदेश में 301 ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।

कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए लाहुल स्पीति व किन्नौर को छोड़ शेष जिलों के कुछ स्थानों पर आंधी के साथ भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर बाढ़ आने की आशंका है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।

भूस्खलन से लोगों की बढ़ी दिक्कतें

मनाली-केलंग मार्ग पर धुंधी में भूस्खलन से राहगीरों की दिक्कत बढ़ गई। हिमपात के बावजूद मनाली-केलंग मार्ग सहित मनाली-लेह, मनाली-शिंकुला-जंस्कार व मनाली-काजा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू रही, लेकिन ठंड बढ़ गई। मनाली की ओर रोहतांग सहित सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, घेपन पीक सहित चोटियों पर हिमपात हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *