मनाली: कीरतपुर-मनाली फोरलेन हिमाचल प्रदेश के मंडी में
आज से अगले 4 दिन तक 2 घंटे वाहनों के लिए बंद
रहेगा। मंडी के बिंदरावणी से पंडोह के बीच नेशनल
हाइवे के निर्माण कार्य के चलते 31 अगस्त तक लोगों
को परेशानी झेलनी पड़ेगी। बारिश के कारण धंस रहे
हाईवे की मरम्मत और पहाड़ियों पर हवा में लटक रही
खतरनाक चट्टानों को हटाने के लिए प्रशासन ने सुबह
11 बजे से दोपहर 1 बजे तक यातायात रोकने का
निर्णय लिया है। बता दें कि फोरलेन बंद होने से न केवल स्थानीय लोगों बल्कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली इत्यादि राज्यों से मनाली, लाहौल स्पीति, अटल टनल रोहतांग
इत्यादि पर्यटन स्थलों को आने वाले सैलानियों को 2 घंटे
परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। खासकर आज और
कल वीकेंड की वजह से ज्यादा पर्यटक पहाड़ों पर घूमने
आते है। ऐसे में पर्यटकों को अपनी यात्रा हाईवे के बंद
होने की टाइमिंग के हिसाब से प्लान करनी होगी ताकि
परेशानी न झेलनी पड़े।





