दिल्ली: उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का मौसम लोगों के लिए मुसीबत लेकर आता है. इस बार भी हर साल की तरह उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में बारिश ने आफत मचाई हुई है. इन राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह से ठप हो गया है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और बिहार में बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं और मुख्य सड़कों समेत कई प्रमुख रास्ते भी बंद है. वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में गुरुवार को भूस्खलन के कारण मणिमहेश डल झील का मार्ग बाधित हो गया. इसके अलावा हिमाचल में भी नदियां-नाले उफान पर है. प्रशासन ने लोगों से नदी और नाले किनारे ना जाने की अपील की है. उत्तराखंड के चमोली जिले के जोगीधारा में हुए भूस्खलन के कारण पिछले तीन दिन से बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के अवरूद्ध होने से हिमालयी धाम तथा हेमकुंड सहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस ने श्रद्धालुओें को लेकर जा रहे वाहनों को चमोली और कर्णप्रयाग के बीच रोक दिया, जिससे लंगासू थाने के निकट जाम जैसी स्थिति बन गयी. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ के कर्मी जोगीधारा में मलबे के ढेर को पार करने में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों समेत श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं जबकि वाहनों में यात्रा करने वाले लोग लंगासू थानक्षेत्र के मुख्य मार्ग पर आवाजाही शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क पर पड़े मलबे को साफ करने में जुटा है हालांकि, पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण सफाई के कार्य में दिक्कत आ रही है. वहीं मानसून शुरू होते ही भूस्खलन के कारण मार्गो के अवरूद्ध होने से धामों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आयी है. बुधवार को बद्रीनाथ धाम में केवल 400 श्रद्धालुओं ने ही दर्शन किए जबकि मानसून से पहले रोजाना हजारों की संख्या में तीर्थयात्री आ रहे थे. पहाड़ों में हुई तेज बारिश से हल्द्वानी का कलसिया और देवखडी नाला भारी उफान पर आ गया. जिससे नाले के आसपास रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया, पानी का सैलाब आने से ऐसा लगा मानो पहाड़ में कहीं बादल फट गया हो, नाले का उफान देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए, सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और तहसीलदार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नाले के आसपास रहने वाले लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. इसके अलावा देवखड़ी नाले के तेज बहाव में एक बाइक सवार बह गया जिसकी तलाश की जा रही है. हालांकि बाइक सवार का अब तक कोई पता नहीं चला, वहीं काठगोदाम पुलिस टीम ने कलसिया नाले के पास रह रहे लोगों को घरों से निकालकर काठगोदाम इंटर कॉलेज पहुंचाया जहां उनके रहने खाने की व्यवस्था की गई है।





