भरमौर : उत्तराखंड के बाद अब हिमाचल प्रदेश से भी लैंडस्लाइड के डराने वाला वीडियो सामने आया है. सूबे के जिला चंबा के भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मणिमहेश झील की ओर जाने वाले रास्ते में यह पहाड़ी दरकी है. पहाड़ी दरकने का वीडियो भी सामने आया है. यहां पर बीते सप्ताह पहाड़ी से भूस्खलन हुआ है. हालांकि, इस से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है. जानकारी के अनुसार, भरमौर के गूईनाला से दोनाली के बीच में यह लैंडस्लाइड देखने को मिली है. हालांकि, मणिमहेश के लिए शिव जी के दर्शन के लिए इस रास्ते को बंद कर दूसरे रास्ते को खोल दिया गया है. यह वीडियो बीते सप्ताह का बताया जा रहा है. दरअसल, आजकल चंबा के मणिमहेश के लिए भगवान शिव जी के दर्शन करने के लिए बाहर के प्रदेशों से यात्री जा रहे हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर अगस्त में मणिमहेश यात्रा शुरू होगी. जब पहाड़ी दरकी और भूस्खलन हुआ तो यात्री ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया. अब वीडियो वायरल हुआ है. उधर, प्रशासन ने इस रास्ते से यात्रियों के जाने के लिए पाबंदी और सूचना बोर्ड लगा दिया है और सड़क को शीघ्र ठीक करने के लिए विभाग जुट गया है. बता दें कि चंबा के भरमौर के हंडसर से यह यात्रा शुरू होती है. 14 किमी का पैदल ट्रैक है और फिर मणिमहेश झील के दर्शन होते हैं. यहां पर बीते साल 6 लाख से अधिक श्रद्धालू 15 दिन में आए थे. गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की बारिश होने से लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ रही हैं. हालांकि, प्रदेश में अभी मॉनसून धीमा पड़ा है लेकिन 11 और 12 जुलाई के लिए बारिश बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।





