देहरा: हिमाचल प्रदेश के 3 विधानसभा क्षेत्रों देहरा, नालागढ़ और हमीरपुर में उपचुनाव को लेकर मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। मतदान को लेकर युवा व बुजुर्ग मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
अभी तक 15.99 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। इसमें देहरा में 15.70, नालागढ़ में 16.48 और हमीरपुर 15.71 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
हमीरपुर में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा व भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा ने भी परिवार सहित पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डाला। नालागढ़ में कांग्रेस से हरदीप बावा ने मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला। उधर, रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) शिल्पी बेक्टा ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बता दें कि 3 विधानसभा क्षेत्रों से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 2.59 लाख मतदाता करेंगे।




