भारत की पावन भूमि पर अनेकों धार्मिक स्थल मौजूद हैं. सभी धार्मिक स्थल अपनी स्थापत्य कला और चमत्कारिक इतिहास के लिए प्रसिद्ध हैं. भारत में प्रसिद्ध मंदिरों में से एक चौसठ योगिनी मंदिर का इतिहास भी रोचक और रहस्यों से भरा हुआ है. चौसठ योगिनी मंदिर मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के मीतावली गांव में स्थित है. इसके अलावा भारत में चौसठ योगिनी के दो मंदिर ओडिशा में स्थित है. आज हम आपको मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में स्थित चौसठ योगिनी मंदिर से जुड़ा रोचक इतिहास बताएंगे.
तांत्रिक यूनिवर्सिटी के नाम से भी है प्रसिद्ध
मान्यता है कि चौसठ योगिनी मंदिर का निर्माण 1323 ई. में प्रतिहार वंश के राजपूत राजवंश के राजा देवपाल ने करवाया था. यह मंदिर गोलाकार है और पहाड़ पर 100 फीट की ऊंचाई पर स्थिति है. इस मंदिर की सभी योगिनी तंत्र-मंत्र विद्या और योग से संबंधित मानी जाती है. इस मंदिर में कुल चौसठ कमरे बने हैं. प्रत्येक कमरे में शिवलिंग स्थापित है. मंदिर में मण्डपनुमा द्वार बना है जिसमें एक विशाल शिवलिंग स्थापित है. पंडित इंद्रमणि घनस्याल बताते हैं कि प्राचीन काल से देश-विदेश से लोग इस मंदिर में तंत्र विद्या सीखने आते थें. इस मंदिर को तांत्रिक यूनिवर्सिटी के नाम से जाना जाता था. कहते हैं कि चौसठ योगिनी माता मां काली का अवतार हैं. इस मंदिर में प्रत्येक 64 कमरों में माता योगिनी की मूर्ति स्थापित हैं, इसलिए इस मंदिर का नाम चौसठ योगिनी है.
संसद भवन की तरह बनावट
पौराणिक शास्त्रों के अनुसार, आज भी इस मंदिर में शिव जी की चौसठ योगिनी को जागृत किया जाता है. मान्यता है कि यह मंदिर शिव जी के तंत्र-मंत्र के कवच से ढका हुआ है. इस मंदिर तक पहुंचने के लिए 200 सीढ़ियां पार करनी होती हैं. चौसठ योगिनी मंदिर में रात के समय किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं होती है. इस मंदिर की बनावट शैली की तुलना भारत के संसद भवन से भी की जाती है।





