Home » Uncategorized » बारिश के बीच दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, टर्मिनल की छत गिरने से कई कारें दबीं, 3 जख्मी, 1 शख्स फंसा….

बारिश के बीच दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा, टर्मिनल की छत गिरने से कई कारें दबीं, 3 जख्मी, 1 शख्स फंसा….

दिल्ली: दिल्ली-NCR में प्री मानसून की पहली बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत दी तो वहीं लोगों की मुसीबतें भी बढ़ा दी. शुक्रवार तड़के तेज हवाओं के साथ हुई बारिश में सड़कें लबालब हो गईं. इसके अलावा दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत भी गिर गई. इसकी चपेट में कई गाड़ियां आ गईं. वहीं इनमें बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक शख्स फंस गया. सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की ककई गाड़ियां रवाना हुईं और मोर्चा संभाला. दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया, “सुबह करीब 5.30 बजे हमें दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 पर छत गिरने की सूचना मिली. तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है.

इस हादसे के बाद केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘दिल्ली एयरपोर्ट के टी1 पर छत गिरने की घटना पर व्यक्तिगत रूप से नज़र रख रहा हूँ. घटनास्थल पर पहले बचाव दल काम कर रहे हैं. साथ ही एयरलाइन्स को टी1 पर सभी प्रभावित यात्रियों की सहायता करने की सलाह दी है. घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. बचाव अभियान अभी भी जारी है.’इस हादसे की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें टर्मिनल की भारी भरकम छत वाहनों के ऊपर गिरी हुई है. वहीं कार में बैठे लोग भी इससे दब गए. उन्हें बड़ी मुश्किल से रेस्क्यू किया गया है. इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. दरअसल, शुक्रवार तड़के अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बारिश होने लगी. नोएडा, दिल्ली और इससे सटे इलाकों में घंटे भर से ज्यादा तेज बारिश हुई. जहां इस बारिश से गर्मी से राहत मिली तो वहीं जगह-जगह सड़कों पर पानी भी भर गया. इसके कारण दिल्ली-NCR में सुबह होते-होते वाहनों के पहिए थम गए. तेज हवाओं के कारण कई पेड़ टूटने की भी जानकारी है.

नोएडा में सड़कों पर भरा पानी

नोएडा शहर की बात करें तो कई जगह सड़कें पानी से लबालब हो गईं. इससे वाहन चालकों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सेक्टर-95 में सड़क पर भारी पानी जमा हो गया, जिसके चलते वाहनों की रफ्तार भी कम हो गई. सुबह करीब 6:30 बजे पानी के कारण कई वाहन भी यहां खराब हो गए. लोग दफ्तर के लिए सोसायटी से निकले तो जगह-जगह सड़कों पर पानी भरा मिला.

मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट

बता दें कि मौसम विभाग ने दिल्ली में 29 और 30 जून को भारी बारिश होने की संभावना जताई है. इसके अवाला आईएमडी 28 जून को भी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे रफ्तार की हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई थी. IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

वहीं मौसम विभाग ने नोएडा में भी 28 जून से 2 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है. इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी. IMD के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते नोएडा का अधिकतम तापमान 32 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]