नैनीताल: हमारी प्रकृति में कई ऐसी चीजें मौजूद हैं, जो कई मायनों में हमारे शरीर के लिए लाभदायक हैं . ऐसा ही एक सुपर फूड है लोबिया की दाल, जो कई पोषक तत्वों, मिनरल, कैल्शियम से युक्त है. इस दाल को दुनिया की सबसे ताकतवर दालों में से एक माना जाता है. यह शरीर को उचित मात्रा में प्रोटीन भी प्रदान करती है. इस दाल में अंडा और मांस से भी ज्यादा प्रोटीन होता है. यही वजह है कि इसका सेवन शरीर के लिए बेहद लाभदायक है. उत्तराखंड के नैनीताल स्थित डीएसबी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफ़ेसर डॉक्टर ललित तिवारी कहते है कि लोबिया की दाल शरीर के लिए बेहद लाभदायक है. इसे चाओपी के नाम से जाना जाता है. इसकी फली की सब्जी भी बनती है. लोभिया का नियमित सेवन शरीर के लिए बेहद लाभदायक है.
प्रोफेसर तिवारी बताते हैं कि इसके नियमित सेवन से शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा संतुलित रहती है. यह कम कैलोरी वाला भोजन है. इसमें भरपूर मात्रा में अमीनो अम्ल मिलता है. यह एनीमिया रोग के लिए बेहद लाभदायक है. इसके अलावा इस दाल का सेवन वजन घटाने, जोड़ों के दर्द में बेहद लाभप्रद है. अत्यधिक औषधीय गुणों से भरपूर होने के कारण ये दाल अमेरिकी लोगों का मुख्य भोजन है. वहां हर साल नव वर्ष के भोजन में इस दाल को मुख्य तौर पर परोसा जाता है. इस दाल के दानों में काला निशान मिलता है. जिस वजह से इसे ब्लैक आई मटर के नाम से भी जाना जाता है.
चिकन नहीं खाते तो खाएं इस दाल को
प्रोफेसर तिवारी बताते हैं कि लोबिया की दाल प्रोटीन का अच्छा स्रोत है. यदि आप शाकाहारी हैं और मांस, अंडे का सेवन नहीं करते तो ये दाल आपके शरीर को भरपूर प्रोटीन प्रदान करती है. इसके प्रति 100 ग्राम में लगभग 25 ग्राम प्रोटीन मिलता है. इसके साथ ही इस दाल में आपको विटामिन, खनिज, मैंगनीज, प्रोटीन, कैल्शियम, की उचित मात्रा उपलब्ध है. इसके अलावा ये दाल एक अच्छी एंटी ऑक्सीडेंट है जो हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत करती है.




