Home » Uncategorized » हिमाचल उपचुनाव से पहले BJP नेता श्रीकांत शर्मा का बड़ा दावा

हिमाचल उपचुनाव से पहले BJP नेता श्रीकांत शर्मा का बड़ा दावा

Himachal By-Election 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता श्रीकांत शर्मा ने हमीरपुर के दौरे पर कहा कि हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं और यह अपने आप गिर जाएगी. यूपी के बीजेपी विधायक श्रीकांत शर्मा ने हमीरपुर में बुधवार को बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य के लोग सीएम सुक्खू सरकार से तंग आ चुके हैं और वे बदलाव चाहते हैं. बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा, ”हिमाचल प्रदेश की जनता सुक्खू सरकार की नीतियों और कार्यों से निराश है. बीजेपी राज्य में मजबूत है और उसका उम्मीदवार हमीरपुर विधानसभा उपचुनाव में भारी अंतर से जीत हासिल करेगा.” राज्य की तीन विधानसभा सीट देहरा, हमीरपुर और नालागढ़  तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हो गईं थी. इन निर्दलीय विधायकों ने फरवरी में हुए राज्यसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को वोट दिया था और बाद में पार्टी में शामिल हो गए थे.

राज्य में 10 जुलाई को होने हैं उपचुनाव

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हमीरपुर की जनता का विश्वास और समर्थन हमेशा बीजेपी के साथ रहा है और इस बार भी जनता आशीष शर्मा को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए तैयार है. वरिष्ठ बीजेपी  नेता ने कहा, ”मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं और यह खुद ही गिर जाएगी.” राज्य में उपचुनाव 10 जुलाई को होगा.

तीनों सीटों पर कांग्रेस और बीजेपी में मुख्य मुकाबला

देहरा कांगड़ा जिले के अंतर्गत है जहां से बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है. यहां कांग्रेस के कमलेश और बीजेपी के होशियार सिंह मैदान में हैं. इसके अलावा तीन अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं. हमीरपुर सीट पर बीजेपी के आशीष शर्मा और कांग्रेस पुष्पिंदर वर्मा के बीच मुकाबला है. इनके अलावा नंद लाल शर्मा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में खड़े हुए हैं. नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने हरदीप सिंह बावा और बीजेपी ने के एल ठाकुर को टिकट दिया है. जबकि स्वाभिमान पार्टी के किशोरी लाल शर्मा प्रत्याशी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[adsforwp id="47"]