Home » Uncategorized » महिलाओं को 50 हजार के कैश वाउचर, जगन्नाथ मंदिर के लिए 500 करोड़…, ओडिशा की माझी सरकार की पहली कैबिनेट के फैसले…

महिलाओं को 50 हजार के कैश वाउचर, जगन्नाथ मंदिर के लिए 500 करोड़…, ओडिशा की माझी सरकार की पहली कैबिनेट के फैसले…

दिल्ली: ओडिशा की बीजेपी सरकार शपथ ग्रहण के बाद एक्शन मोड में देखी जा रही है. बुधवार को मुख्यमंत्री समेत 15 मंत्रियों ने शपथ ली और कुछ ही घंटे में पहली कैबिनेट बैठक में फैसला लिया कि गुरुवार सुबह पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वार फिर से खोले जाएंगे और 12वीं सदी के इस मंदिर के रखरखाव के लिए 500 करोड़ का कोष स्थापित किया जाएगा. मंदिर से जुड़े इन दोनों ही प्रस्तावों को ना सिर्फ मंजूरी दी गई, बल्कि बुधवार रात में ही सीएम अपने मंत्रिमंडल समेत पुरी भी पहुंच गए. गुरुवार सुबह उनकी उपस्थिति में मंदिर के चारों द्वार खोले जा रहे हैं. बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जगन्नाथ मंदिर के चारों द्वार खोलने का वादा किया था. ये द्वार कोरोनाकाल से बंद चल रहे थे, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. अब श्रद्धालुओं को चारों द्वार से एंट्री मिल सकेगी और भीड़भाड़ नियंत्रित करने में मुश्किलें भी नहीं आएंगी.

सीएम माझी की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार शाम राज्य सचिवालय लोक सेवा भवन में अपने मंत्रियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की. उसके बाद कैबिनेट से जुड़े फैसलों के बारे में जानकारी दी. माझी सरकार ने किसानों और महिलाओं से जुड़े फैसले भी लिए.

सीएम ने कहा, राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों की उपस्थिति में सुबह पुरी जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वार फिर से खोलने का फैसला किया है. भक्तों को सभी चार द्वारों से मंदिर में एंट्री मिलेगी. उन्होंने कहा, बीजेपी के चुनावी घोषणा में भी सभी मंदिरों के द्वार खोलने का वादों किया गया था,.द्वार बंद होने से भक्तों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.

पांच साल से बंद चल रहे थे मंदिर के द्वार

पिछले BJD प्रशासन ने COVID-19 महामारी के दरम्यान मंदिर के चारों द्वार बंद कर दिए थे. श्रद्धालुओं को सिर्फ एक ही द्वार से प्रवेश करने की अनुमति थी. लंबे समय से यहां सभी द्वार खोले जाने की मांग की जा रही थी.

मंदिर के लिए 500 करोड़ का फंड

माझी ने कहा कि मंदिर के संरक्षण और रखरखाव के लिए मंत्रिमंडल ने मंदिर से संबंधित मुद्दों की देखभाल के लिए 500 करोड़ रुपये का एक कोष गठित करने का निर्णय लिया है. एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, सभी मंत्री बुधवार रात पुरी पहुंचेंगे और वहीं रुकेंगे, ताकि गुरुवार सुबह जब चारों द्वार खोले जाएं तो वे वहां उपस्थित रह सकें.

नई सरकार ने किसानों और महिलाओं से जुड़े क्या फैसले लिए?

– सीएम माझी ने कहा, राज्य सरकार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने के लिए कदम उठाएगी और संबंधित विभाग को इस संबंध में काम करने का निर्देश दिया गया है. जल्द ही एक कमेटी गठित की जाएगी.
– इसके अलावा, एमएसपी समेत किसानों की अन्य समस्याओं से निपटने के लिए ‘समृद्ध कृषक नीति योजना’ बनाई जाएगी. विभागों को इस संबंध में उचित दिशा-निर्देश दिए हैं और रोडमैप तैयार कर सरकार के समक्ष पेश करने के लिए कहा गया है. यह सरकार के पहले 100 दिनों के भीतर किया जाएगा.
– माझी ने महिलाओं से जुड़े फैसले लिए. उन्होंने कहा, महिला सशक्तीकरण और बाल कल्याण के लिए पिछले बीजेडी शासन के प्रयास विफल रहे हैं. इसलिए नई सरकार 100 दिनों के भीतर सुभद्रा योजना लागू करेगी, जिसके तहत प्रत्येक महिला को 50 हजार रुपये का कैश वाउचर दिए जाएंगे. विभागों को सुभद्रा योजना के कार्यान्वयन के लिए दिशानिर्देश और रोडमैप तैयार करने के लिए कहा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *