Home » Uncategorized » सड़क के किनारों से 10 दिन के भीतर हटाने होंगे मिट्टी के ढेर

सड़क के किनारों से 10 दिन के भीतर हटाने होंगे मिट्टी के ढेर

मंडी: पिछले वर्ष बरसात में जिला मंडी में हुए भारी नुकसान को देखते हुए आगामी बरसात के लिए निपटने के लिए अभी से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार डीआरडीए हॉल मंडी में एसडीएम ओम कांत ठाकुर ने लोक निर्माण, जल शक्ति, वन, परिवहन, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ओमकांत ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को सदर उपमंडल के तहत आने वाली मंडी-जोगिंद्रनगर, मंडी-रिवालसर, मंडी-कोटली, मंडी-पंडोह सड़कों के किनारों पर लगे मिट्टी के ढेरों को बरसात से पहले हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कहीं सड़क को चौड़ा करने का कार्य होना है तो उसे भी बरसात से पहले कर लें। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को छह मील से लेकर नौ मील के बीच सड़क के किनारे पड़ी मिट्टी को 10 दिन के भीतर ही हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को बरसात के दौरान सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने के लिए निश्चित स्थानों पर कटर मशीनें रखने के निर्देश दिए। साथ ही मशीन चलाने वाले विभागीय कर्मचारियों के मोबाइल नंबर भी उपमंडल कार्यालय में देने के लिए कहा। जल शक्ति विभाग को बरसात में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में विश्वकर्मा मंदिर के पास टारना पहाड़ी पर भू-धसांब को रोकने के लिए नगर निगम, जलशक्ति और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बरसात में पानी की निकासी का बेहतर प्रबंधन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपदा के दौरान त्वरित कार्यवाही के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। इसके लिए सभी अधिकारियों के मोबाइल नंबरों की सूची बनाई जाएगी, जिसे सभी अधिकारियों के साथ शेयर किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार मंडी नरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह, बीडीओ सदर श्याम सिंह, बीडीओ राकेश पटियाल, एससी एनएचएआई अनूप ठाकुर, अधिशाषी अभियंता आरके सैणी, डीएफओ अंबरीश शर्मा, डीएओ डॉ. जयंत रतन, टीसीपी प्रदीप ठाकुर, खनन अधिकारी पंकज शर्मा, सहायक आयुक्त नगर निगम मंडी विकास शर्मा व अन्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *