शिमला: स्कूलों में दोपहर के भोजन में अब बच्चे खिचड़ी ही नहीं, हरी सब्जियां, दाल और हलवा भी खाएंगे। बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए हर माह मिड डे मील के मेन्यू में बदलाव होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने आंशिक बदलाव कर एक नया मेन्यू भी स्कूलों को जारी कर दिया है। वहीं स्कूल प्रबंधकों को इसकी पालना करने के भी निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही महीने के अंत में अगले महीने के मेन्यू के संबंध में जानकारी जारी कर दी है। जिसमें मोटे अनाज के साथ सब्जियों और स्वीट डिश को भी शामिल किया गया है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि इस मेन्यू के आधार पर दोपहर का भोजन को बच्चों को परोसा जाएगा। शिक्षा विभाग की टीम इसको लेकर स्कूलों भी औचक निरीक्षण करेगी। गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। सभी स्कूलों की मिड डे मील रसोई में इस मेन्यू को भी अंकित करना होगा। उधर, उप जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा जिला सोलन राजकुमार पराशर ने बताया कि मेन्यू में बदलाव का उद्देश्य बच्चों को पोषण से भरपूर खाना प्रदान करना है। इसमें मोटे अनाज को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों को इस मेन्यू के आधार पर ही बच्चों को दोपहर का भोजन परोसना होगा। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं तक के बच्चों को मिड डे मील मिलता है।
पहले सप्ताह काला चना, कढ़ी पकौड़ा और राजमा
दूसरा सप्ताह : दूसरे सप्ताह के सोमवार को आलू मटर या धुली उड़द-चावल, मंगलवार को साबुत उड़द दाल-चावल, बुधवार को आलू और न्यूट्री पुलाव या फिर धुली मूंग दाल-चावल शामिल किए गए है। वीरवार को चना दाल-घीया के साथ या फिर मलका दाल चावल के साथ परोसी जाएगी। शुक्रवार रौंगी दाल-चावल शामिल किया गया है।
तीसरा सप्ताह : सोमवार को सफेद चना, आलू-चावल, मंगलवार को मिक्स दाल-चावल, बुधवार को मिक्स वेज पुलाव या फिर बाजरा पालक पुलाव या फिर मसूर की दाल, वीरवार को सोयाबीन दाल या आलू न्यूट्री चावल के साथ शामिल होगी। शुक्रवार को वेज पकौड़ा कढ़ी या फिर उड़द दाल, शनिवार को आलू राजमाह-चावल।
चौथा सप्ताह : सोमवार को आलू-मटर या धुली उड़द दाल चावल के साथ, मंगलवार को काला चना-आलू चावल के साथ, बुधवार को सूजी का हलवा या बेसन हलवा या खीर ड्राईफ्रूट के साथ या फिर मलका दाल चावल के साथ, वीरवार को वेज पकौड़ा कढ़ी या फिर चना दाल चावल के साथ होगी, शुक्रवार को पुलाव आलू या मूंग दाल चावल के साथ परोसा जाएगा। शनिवार को चना दाल-घीया या सांभर, अरहर की दाल, शामिल है।





