शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्यसभा की एक सीट पर कांग्रेस की हार के बाद अब सियासी तापमान बढ़ रहा है। जहां एक तरफ सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सरकार को बचाए रखने का दबाव बढ़ गया है वहीं सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस्तीफा सौंप दिया है। विधानसभा सत्र शुरू होते ही हंगामे के बाद पूर्व सीएम जयराम ठाकुर समेत 10 से ज़्यादा बीजेपी विधायक सस्पेंड कर दिए गए हैं। एक तरफ बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस सरकार के पास बहुमत नहीं है और सीएम सुक्खू को अपना इस्तीफा सौंप देना चाहिए। हालांकि विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि उनकी प्रियंका गांधी के साथ बातचीत हुई है और वह हर हाल में सरकार को बचाए रखना चाहते हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा से बजट पास हो गया है। बजट विपक्ष की गैर मौजूदगी में पास हुआ। बजट पास होने के बाद विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा –
ना तो मेरे से किसी ने इस्तीफा मांगा… नहीं मैंने कोई पेशकश की है… पहली बार तो यह है जब जयराम ठाकुर जी सदन में बोल रहे थे तब किसी ने तब किसी ने आकर इस्तीफे की फर्जी खबरों के बारे में बताया… हम अपना बहुमत भी साबित करेंगे और निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि मैं संघर्ष की राजनीति से निकला हूं और आम परिवार से उठकर हमने राजनीति की है… जीत हमारी होगी, हिमाचल की जनता की जीत होगी





