Home » Uncategorized » Himachal Snowfall: बर्फबारी की आस में हिमाचल पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी ख़बर, 17 से बदलेगा मौसम, होगा हैवी स्नोफॉल ……

Himachal Snowfall: बर्फबारी की आस में हिमाचल पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी ख़बर, 17 से बदलेगा मौसम, होगा हैवी स्नोफॉल ……

शिमला: फरवरी महीने के पहले हफ्ते में हुई बर्फबारी ने उन सभी लोगों की उम्मीद को पूरा कर दिया जो काफी लंबे अरसे से हिमाचल में बर्फबारी होने का इंतजार कर रहे थे। चाहे बात पर्यटकों की करें, किसानों-बागवानों की या फिर कारोबारियों की। सभी के चेहरे हिमाचल में हुई बर्फबारी से खिल गए। हिमाचल में फिर लाइव बर्फबारी देखने की उम्मीद रखने वाले लोगों के लिए खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश में 17 फरवरी देर शाम से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। जिसका असर हिमाचल प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।

इन जिलों में होगी बर्फबारी

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल प्रदेश में 20 फरवरी तक देखने को मिलेगा। 18 और 19 फरवरी को किन्नौर, लाहौल स्पीति, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा में भारी बर्फबारी होगी। वहीं मैदानी इलाकों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट के चलते सरकार को तैयार रहने के लिए कहा है।

येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते प्रदेश में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाएगा। सुरेंद्र पॉल ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनवरी और फरवरी के महीने में अभी तक सामान्य से 48 फ़ीसदी कम बारिश हुई है। आगामी दिनों में होने वाली बारिश से यह अनुपात सामान्य हो जाएगा। तापमान की बात की जाए तो वर्तमान में न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा चल रहा है। 18 फरवरी को होने वाली बर्फबारी के बाद प्रदेश एक बार फिर शीत लहर की चपेट में आ जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *