. एरियर के लिए 2015 से लड़ाई लड़ रहे थे एचआरटीसी पेंशनर्स
मंडी : लंबित पड़े एरियर व भत्तों का फैसला सुप्रीम कोर्ट द्वारा एचआरटीसी पेंशनरों के हक में सुनाए जाने के बाद हिमाचल पथ परिवहन से सेवानिवृत कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। सेवानिवृत इन कर्मचारियों को लंबी लड़ाई लड़ने के बाद अब इन भत्तों का भुगतान होगा। इस फैसले के बाद मंडी में भी एचआरटीसी पेंशनर गदगद नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से जहां पेंशनरों ने उनके हक में फैसला देने के लिये सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया, वहीं 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों को शॉल व टोपी देकर भी सम्मानित किया।
इस कार्यक्रम में डीएम के पद से सेवानिवृत्ति श्यामा प्रसाद चटर्जी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में 80 के करीब पेंशनरों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्यामा प्रसाद चटर्जी ने बताया कि एचआरटीसी पेंशनर्स को सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर एरिया व भत्ता दिया जाता है। लेकिन एचटीसी प्रबंधन ने पिछले कई सालों से इस भत्ते को रोक रखा था। इसके उपरांत वर्ष 2015 में एरियर व भत्तों के लिए उच्च न्यायलय में अर्जी लगाई थी। जिसमें बृज लाल धीमान व अन्य के हक में फैसला 7 नवंबर 2023 को आया। इसके विरूद्ध एचआरटीसी प्रबन्धन ने सर्वोच्च न्यायालय में अपील की, 25 जनवरी 2024 को सुप्रीम कोर्ट ने इसका फैसला बृज लाल धीमान व अन्य के पक्ष में ही सुनाया। इस फैसले के बाद एचआरटीसी प्रबंधन से 1 जनवरी 2016 से 2022 तक लंबित एरियर व जुलाई 2022 से अब तक लंबित चिकित्सा भत्ता व 15 माह का बकाया डीए एरियर देने की बात कही है।




