- प्रदेश में वर्ष 2018 से 2022 तक सड़क हादसों में मौत मामलों में 17 प्रतिशत की कमी आई है
- एक रिपोर्ट के मुताबिक देश के नौ राज्यों में सड़क हादसों में वृद्धि हुई है
शिमला: सड़क हादसों को कम करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रदेश में वर्ष 2018 से 2022 तक सड़क हादसों में मौत मामलों में 17 प्रतिशत की कमी आई है। विश्व बैंक पोषित प्रोजेक्ट के अंतर्गत सड़क सुरक्षा परियोजना पर पुलिस विभाग काम कर रहा है। परियोजना में सड़क सुरक्षा सलाहकार एजेंसी “ट्रांसपोर्ट रिसर्च लेबोरेटरी’ टीम लीडर टोनी मैथ्यू ने सड़क दुर्घटना के आंकड़ों व सड़क परिवहन मंत्रालय की रिपोर्ट का विश्लेषण कर रिपोर्ट भूतल परिवहन एवं राजमार्ग प्राधिकरण के साथ साझा की है। रिपोर्ट के मुताबिक देश के नौ राज्यों में सड़क हादसों में वृद्धि हुई है। हिमाचल देश का ऐसा राज्य है जहां सड़क हादसों में 17 प्रतिशत कमी आई है। दिल्ली में सड़क हादसों में 16, जम्मू-कश्मीर में 13, गुजरात में पांच व हरियाणा में चार प्रतिशत की कमी आई है। हिमाचल सामान्य प्रवृत्ति को नियंत्रित करने में कामयाब रहा है। पुलिस विभाग ने इस पर बेहतर कार्य किया है।




