



मंडी: उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सरकार हिमाचल में छह नए औद्योगिक क्षेत्र बना रही है। यह औद्योगिक क्षेत्र सोलन जिले के भंगाला व नानोवाल, कल्लू में शिलीहार, ऊना के सलूरी, हमीरपुर के जाहू और बिलासपुर के भदरोग में विकसित होंगे। 592 बीघा भूमि विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने मंडी के सेरी मंच पर 75वें गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की। राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी टुकड़ियों के मार्चपास्ट की सलामी की। मंडी के पंडोह में औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने के लिए छह करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने पर मंडी जिले के युवा वहां अपने छोटे छोटे उद्योग स्थापित कर सकेंगे।
10 वर्षों में देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा हिमाचल
उद्योग मंत्री ने कहा कि सुक्खू सरकार का संकल्प प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। अगले चार साल में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनेगा। 10 साल में देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। इसी दिशा में प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। जो गारंटियां लोगों को दी हैं उन्हें चरणबद्ध पूरा किया जा रहा है। सरकार युवाओं को रोजगार देने की दिशा में कार्य कर रही है। विभिन्न विभागों में 21 हजार पद भरे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने जन जन तक पहुंचने के उद्देश्य से सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम शुरू किया है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि सवा साल के कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद मुक्त शासन व्यवस्था तय की है। पिछली सरकार में चयन बोर्ड हमीरपुर भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ था। इसे प्रदेश सरकार ने भंग कर दिया। अब जो भी सरकारी भर्तियां होंगी वह पूरी पारदर्शिता के आधार पर होंगी। गणतंत्र दिवस पर आयोजित आकर्षक मास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। मार्चपास्ट में पुलिस, होमगार्ड और एनसीसी ने भाग लिया। कदम से कदम मिलाते हुए उन्होंने आकर्षक मार्चपास्ट किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गर्ल स्कूल मंडी ने गिद्दा, आईटीआई की छात्राओं ने लुड्डी और मंडी सिराज सांस्कृतिक दल ने नाटी प्रस्तुत की। केन्द्रीय विद्यालय मंडी और एसवीएम पब्लिक स्कूल ने समूह गान प्रस्तुत किया। आयुष्मान भारत के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अनुकरणीय कार्य के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर और हिमाचल वेली हेल्थ केयर भंगरोटू को सम्मानित किया गया। मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों, कलाकारों तथा मार्च पास्ट में भाग लेने वाली टुकडियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया।