Home » Uncategorized » रोहड़ू बाजार में भीषण अग्निकांड, हार्डवेयर की दुकान जलकर हुई राख, 18 करोड़ रुपये का नुकसान…

रोहड़ू बाजार में भीषण अग्निकांड, हार्डवेयर की दुकान जलकर हुई राख, 18 करोड़ रुपये का नुकसान…

शिमला : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में मुख्य बाजार रोहडू के समाला में ठाकुर हार्डवेयर के चार मंजिला भवन में बुधवार को भयंकर आग लग गई। आसपास के भवनों को आग की चपेट में आने से बचाने के प्रयास देर रात तक जारी रहे। आग शाम करीब 4:30 बजे भवन की दूसरी मंजिल पर बने स्टोर से शुरू हुई। घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। रात तक पांच दमकल वाहन आग को लपटों को बुझाने में जुटे हुए थे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार रोहडू बाजार के रामपुर समरकोट मार्ग पर समाला में ठाकुर हार्डवेयर के चार मंजिला भवन की ऊपर वाली मंजिल में हार्डवेयर की दुकान व उससे नीचे की तीन मंजिलों में स्टोर हैं। शाम को शार्ट सर्किट से दूसरी मंजिल में आग लग गई। स्टोर में पेंट, प्लास्टिक बोर्ड, प्लाई और सामान रखा हुआ था। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। आग की भयंकर लपटों के सामने सारे प्रयास नाकाम साबित हुए करीब एक घंटे में भवन की चारों मंजिलें आग की चपेट में आ गईं। इसके आसपास बने सभी भवनों में हार्डवेयर की दुकानें व स्टोर बने हुए हैं। आग पर काबू पाने के लिए चिड़गांव, जुब्बल व आसपास के दमकल केंद्रों से दमकल वाहनों को बुलाया गया है। रोहड़ू के एसडीएम सनी शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर आग से करीब 17 से 18 करोड़ रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। पांच दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे हैं। उधर, डीएसपी रोहडू रविंद्र नेगी ने बताया कि आग से एक भवन पूरा जल चुका है। आसपास के भवनों को बचाने का प्रयास चल रहा है। प्राथमिक जांच में आग बिजली के शार्ट सर्किट से लगने की आशंका है। दमकल वाहन व बाजार के सैकड़ों लोग पुलिस के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *