
मंडी : पुलिस स्मृति दिवस पर थर्ड बटालियन पंडोह में पुलिस विभाग के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता थर्ड बटालियन पंडोह के कमांडेंट भगत सिंह ठाकुर ने की।
बता दें कि 21 अक्तूबर 1959 को पड़ोसी देश द्वारा सरहद पर तैनात पुलिस जवानों को धोखे से मारा गया था और उन्हीं की याद में हर वर्ष 21 अक्तूबर को देश भर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन वर्ष भर ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाने वाले या शहीद होने वाले पुलिस जवानों को भी याद किया जाता है। पुलिस जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद अपने संबोधन में कमांडेंट भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष देश भर में 190 पुलिस कर्मियों और अधिकारियों ने अपनी जान गंवाई है। इन सभी के योगदान को पुलिस विभाग कभी नहीं भुला सकता।
पंडोह में आयोजित समारोह के दौरान स्थानीय स्कूली और शिक्षण संस्थानों से आए बच्चों और अध्यापकों ने भी भाग लिया और शहीद व दिवंगत पुलिस कर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।





