



मंडी : मंडी में रह रहे यूपी, बिहार और झारखंड के प्रवासी मजदूरों ने प्रभावितों के गृह निर्माण के दौरान एक दिन के श्रमदान का ऐलान किया है। इस बात की जानकारी बिहार से आए मजदूरों के नेता राजेश सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पिछले कल विश्वकर्मा जयंती पर मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस बात का निर्णय लिया गया है।
यूपी, बिहार और झारखंड सहित अन्य राज्यों के प्रवासी मजदूरों की जन्मभूमि चाहे कोई भी हो, लेकिन उनकी कर्मभूमि हिमाचल प्रदेश है। इसलिए जब हिमाचल पर इस प्रकार की आपदा आई है तो यह हमारा भी फर्ज बनता है कि प्रभावितों की मदद की जाए। जो भी प्रभावित श्रमदान के लिए मजदूर चाहेगा वो नगर निगम मंडी के नेला वार्ड के पार्षद राजेंद्र मोहन से उनके मोबाइल नंबर 9418494222 या 7018595922 पर संपर्क कर सकता है। राजेश सिंह ने प्रदेश के बाकी मजदूरों से भी अपने निकटतम स्थानों पर प्रभावितों की मदद करने का निवेदन किया है।
मजदूर नेता राजेश सिंह वर्ष 2000 से लेकर 2010 तक मंडी शहर के सौली खड्ड में रहकर मजदूरी कर चुके हैं। मंडी में विश्वकर्मा जयंती को मनाने की शुरुआत इन्होंने वर्ष 2006 से की थी। नेला वार्ड के पार्षद राजेंद्र मोहन से इन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा मिली और वर्ष 2010 में ये वापिस अपने घर चले गए राजनीति में कदम रखा। मौजूदा समय में राजेश सिंह खगरिया जिले की गौरा शक्ति पंचायत के प्रधान हैं। राजेश सिंह ने बताया कि जब उन्हें यहां पर आई आपदा के बारे में पता चला तो वे बहुत ज्यादा चिंतित हुए और लोगों का हाल जानने यहां चले आए।
नगर निगम मंडी के नेला वार्ड के पार्षद राजेंद्र मोहन ने प्रभावितों की मदद की पेशकश के लिए राजेश सिंह और सभी मजदूरों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विपदा की इस घड़ी में सभी को एक-दूसरे की मदद करने की जरूरत है।