Home » ताजा खबरें » थाईलैंड में “युवा राजदूत शिखर सम्मेलन” में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी HPU की छात्रा “रीता”

थाईलैंड में “युवा राजदूत शिखर सम्मेलन” में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी HPU की छात्रा “रीता”

शिमला : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय(HPU) में एमए (सोशल वर्क) की छात्रा रीता (ऋतु ठाकुर) थाईलैंड (Thailand) में प्रतिष्ठित तंबाकू मुक्त बच्चों के क्षेत्रीय एशिया युवा राजदूत शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। यह सम्मेलन बैंकॉक में 28 अगस्त से 1 सितंबर तक होगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल ने छात्रा को उसकी उपलब्धि के लिए बधाई दी है। विश्वविद्यालय के सोशल वर्क विभाग की अध्यक्ष डॉ. अनुपमा भारती ने बताया कि रीता उर्फ ऋतु ठाकुर पिछले कई वर्षों से हिमाचल प्रदेश में तंबाकू मुक्त भारत अभियान में प्रमुख भूमिका निभा रही हैं। वह नाडा इंडिया फाउंडेशन (Nada India Foundation) के माध्यम से तंबाकू के विरुद्ध अभियान का संचालन कर रही हैं। नाडा यंग इंडिया नेटवर्क (NADA Young India Network) की सक्रिय सदस्य छात्रा को थाईलैंड सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है।

मंडी जिले की करसोग तहसील के छोटे से गांव पथरेवी की रहने वाली रीता उर्फ ऋतु ठाकुर बांग्लादेश, चीन, भारत, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और वियतनाम के युवा राजदूतों के पहले समूह में शामिल हो गई हैं जो 28 अगस्त से 1 सितंबर तक बैंकॉक, थाईलैंड में होने वाले शिखर सम्मेलन में जुटेंगे।

डॉ. अनुपमा भारती ने कहा रीता के सराहनीय कार्य युवा वर्ग को तंबाकू एवं नशे जैसी अन्य बुराइयों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि वह अन्य युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।

हिमाचल में युवाओं के बीच बड़े पैमाने पर तंबाकू सेवन की चुनौती का सामना करते हुए रीता ने उल्लेखनीय नेतृत्व का प्रदर्शन किया।  उन्होंने सामाजिक आउटरीच कार्यक्रम शुरू किए, हितधारकों को जोड़ा और बदलाव लाने के लिए रणनीति बनाई। उनके प्रयासों में नेटवर्क बनाना, संबंध बनाना और तंबाकू -कर वृद्धि से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए राज्य-स्तरीय अधिकारियों के साथ सहयोग करना शामिल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *