Home » ताजा खबरें » दीवार तोड़कर कमरे के अंदर जा घुसी चट्टान बाल-बाल बचे स्कूली छात्र…

दीवार तोड़कर कमरे के अंदर जा घुसी चट्टान बाल-बाल बचे स्कूली छात्र…

मंडी : सरकाघाट के राजकीय माध्यमिक पाठशाला भद्रवानी में उस समय बड़ा हादसा टल गया जब स्कूल के साथ लगती पहाड़ी से एक चट्टान गिरकर स्कूल की दीवार को तोड़ती हुई कमरे के अंदर जा घुसी। गनीमत यह रही कि जिस कमरे की दीवार टूटी उस कमरे में नाम मात्र बच्चे ही थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। दूसरे कमरे में उस समय बच्चों की क्लास लगी थी। धमाके की आवाज सुनते ही स्कूल में हड़कंप मच गया। शिक्षकों ने सबसे पहले बच्चों को बाहर निकाला व खुद भी बाहर निकल आए। स्कूल के मुख्याध्यापक गोपाल दास ने बताया कि रोजाना की तरह स्कूल में बच्चों की कक्षाएं चल रही थी। तभी अचानक बहुत बड़ी चट्टान आठवीं कक्षा के कमरे की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा गिरी। पूरा कमरा पत्थरों और मलबे से भर गया। उस कमरे में मात्र एक अध्यापक और दो ही छात्र थे, जबकि दूसरे कमरे में 11 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस हादसे के बाद बच्चे सहम गए हैं और स्टाफ में भी भय का माहौल पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल के पीछे पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। बड़ी चट्टान अगर पहले सड़क पर नहीं गिरी होती तो सभी कमरे ध्वस्त हो सकते थे। जिससे बहुत बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। उन्होंने कहा कि अभी भी रुक-रुककर पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं।

वहीं जब इस बारे में एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तहसीलदार के माध्यम से उन्हें इस बारे में सूचना मिली है। बच्चों की जान से कोई समझौता नहीं कर सकते हैं, जो भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी के आदेशों के अनुसार जिला सहित सरकाघाट उपमंडल में भी 23 व 24 अगस्त को स्कूल बंद रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Gallery not found12