Home » ताजा खबरें » समरिहल हादसा : HPU के प्रोफेसर का शव चौथे दिन बरामद, लापता 10 लोगों की तलाश अभी जारी..

समरिहल हादसा : HPU के प्रोफेसर का शव चौथे दिन बरामद, लापता 10 लोगों की तलाश अभी जारी..

शिमला : समरहिल क्षेत्र में भूस्खलन (landslide) से जमींदोज हुए शिव बावड़ी मंदिर में लापता लोगों को निकालने का राहत कार्य जारी है। हादसे के चौथे दिन गुरुवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। 10 बजे के करीब घटनास्थल के नीचे नाले में एक और शव बरामद हुआ है।

मृतक की पहचान प्रोफेसर पीएल शर्मा के रूप में हुई है। यह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (Himachal Pradesh University) में गणित के प्रोफेसर थे। बता दें कि उनकी पत्नी का शव दो दिन पहले मिल चुका है। फ़िलहाल हादसे में उनका बेटा भी अभी लापता है।

इस हादसे में अब तक 14 शव बरामद हुए हैं, जबकि एक शव की बाजू मिली है। राहत व बचाव कर्मी अब घटनास्थल से नीचे नाले में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं।

अभी भी मलबे में 8 से 10 और लोगों के लापता होने की आशंका है। बीते 74 घंटे से रेस्क्यू चला हुआ है। इस हादसे में अब तक मंदिर के पुजारी सहित 14 लोगों के शव बरामद किए गए। एक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शिमला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हादसों के बाद जिनके स्वजन लापता हैं, वे पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि रेस्क्यू शुरू किया जा सके।

गौरतलब है कि हादसे के पहले दिन आठ, दूसरे दिन चार और तीसरे दिन एक शव बरामद हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हुई है, इनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। परिवार की तीन पीढ़ियां खत्म हो गईं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसर और बालूगंज स्कूल में तैनात शारीरिक शिक्षक की भी मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *