. सुबाथू महाविद्यालय में तीन दशक से भी अधिक समय तक दी अपनी सेवाएं
. पीएचडी की पढ़ाई अधूरी छोड़ की अपनी जन्मभूमि की सेवा
सुबाथू : ऐतिहासिक सुबाथू छावनी में स्वन्त्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात शिक्षाविद्द सरोज आहलूवालिया को शिक्षा जगत में उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए मुख्यातिथि विधायक कसौली विधानसभा क्षेत्र श्री विनोद सुल्तानपुरी ने सम्मानित किया।
गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य सरोज आहलूवालिया ने सुबाथू में शिक्षा की लौ जगाने के लिए करीबन पैंतीस वर्षों तक अध्यापन कार्य किया। सुबाथू के शिक्षाविद्द स्वर्गीय धरणीधर शास्त्री जी के आग्रह पर एम.फिल करने के बाद पीएचडी कर रही सरोज ने पढ़ाई बीच में छोड़कर शिमला से सुबाथू महाविद्यालय में आकर युवाओं को पढ़ाने का कार्य आरम्भ किया था। वर्ष 2000 में उन्हें सुबाथू महाविद्यालय की प्राचार्य की जिम्मेदारी दी गई जिसे उन्होंने सेवानिवृत्ति तक बखूबी संभाला। युवाओं में वह बहुत लोकप्रिय रही और उनकी कक्षाओं में शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए मीलों दूर से पैदल पहुंचते थे। सरोज जी के कई विद्यार्थी प्रदेश में उच्च पदों पर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उनके अध्यापन से प्रभावित होकर उनके अनेक विद्यार्थी आज शिक्षा विभाग में स्कूलों और कॉलेजों में खुद भी अध्यापन कार्य कर रहे हैं।





