शिमला : प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा डीजल पर तीन रुपए की बढ़ौतरी करने पर नेताप्रतिपक्ष व पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने सरकार पर निशाना साधा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा पर अवसर ढूंढ रही है। एक ओर जहां प्रदेश में प्राकृतिक आपदा ने लोगों का जीना हराम किया है तो दूसरी ओर सरकार ने 7 माह के अपने कार्यकाल में दूसरी बार डीजल के दामों में तीन फीसदी बढ़ौतरी की है। जिसका सीधा असर जनता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के चलते सरकार को राहत देने का काम करना चाहिए था लेकिन प्रदेश सरकार ने उल्टा आर्थिक बोझ डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सीएम को इस निर्णय ओर पुर्नविचार करना चाहिए क्योंकि यह समय जनता पर आर्थिक बोझ डालने का नहीं है बल्कि जनता को राहत देने का समय है। इसलिए हालत सामान्य होने के बाद भी इस तरह के निर्णय लिए जा सकते हैं।





