Home » ताजा खबरें » शिमला व कुल्लू में भारी बारिश ने थामे दूल्हा-दुल्हन के पांव, ऑनलाइन निभाई शादी की रस्में

शिमला व कुल्लू में भारी बारिश ने थामे दूल्हा-दुल्हन के पांव, ऑनलाइन निभाई शादी की रस्में

शिमला : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने चारों ओर तबाही मचाई है। भारी बारिश ने जहां लोगों की सांस थाम दी है तो वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने इस आपदा को अवसर में बदल दिया। शिमला और कुल्लू के दो परिवारों के कदम भले प्राकृतिक आपदा ने थाम दिए लेकिन दोनों परिवारों ने डिजिटल युग का फायदा उठाकर ऑनलाइन ही शादी रचा डाली। जो इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर सामाजिक जीवन में चर्चा का विषय बनी हुई है। मामला शिमला जिले के कोटगढ़ के रहने वाले आशीष सिंघा और कुल्लू जिले के भुंतर की रहने वाली शिवानी की शादी का है जिनकी शादी सोमवार 10 जुलाई को तय हुई थी लेकिन मूसलाधार बारिश के बाद से सबको लगा कि शायद अब शादी कैंसिल हो जाएगी। लेकिन खास बात ये रही कि इतनी बारिश और तबाही के बीच ये जोड़ा शादी के बंधन में बंध गया। ऑनलाइन शादी कर अब ये जोड़ा चर्चाओं में है।
इस शादी की सबसे खास बात थी कि इसमें ना तो दुल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए और ना ही दुल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा,ना ही उसे मंगलसूत्र पहनाया। क्योंकि ये शादी ऑनलाइन हुई। पंडित ने दुल्हा और दुल्हन को वीडियो कॉल के जरिए एक दूसरे के सामने बैठाया और मंत्र उच्चारण कर दोनों की शादी करवाई।सारे रीति रिवाज भी ऑनलाइन की करवाए गए। अब इस शादी के चर्चे प्रदेश भर में हो रहे हैं।
दूल्हे और दुल्हन के परिजनों ने बताया कि बारिश के चलते रास्ते हिमाचल के रास्ते बंद हो गए हैं। इस बरसात के मौसम में बारात लेकर निकलना नामुमकिन हो गया था। ऐसे में उन्होंने शादी को कैंसिल करने की जगह ऑनलाइन शादी का आइडिया आया। जिसके बाद दोनों परिवारों में इसकी सहमति बनी और दुल्हा दुल्हन की ऑनलाइन शादी करवाई। इंटरनेट की मदद से बिना किसी बाधाओं के ये ऑनलाइन शादी संपन्न हुई।
ऑनलाइन शादी का ये वीडियो सोशल मीडिया पर लाइव किया गया था। जिसमें नजर आ रहा है कि दूल्हा होटल में तैयार बैठा है और उसके रिश्तेदार व अन्य लोग भी उसके साथ मौजूद हैं। इस वीडियो में पूर्व माकपा विधायक राकेश सिंघा भी मौजूद हैं। वो भी इस ऑनलाइन शादी में शरीक हुए थे। घरवाले एक साल से शादी धूमधाम से करने की तैयारी कर रहे थे लेकिन बारिश ने शादी की सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *