Home » ताजा खबरें » धर्मपुर – गढ़खल – कसौली सड़क ढही, बंद हुई वाहनों की आवाजाही

धर्मपुर – गढ़खल – कसौली सड़क ढही, बंद हुई वाहनों की आवाजाही

सोलन : बीते कल हुई बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है कही कई मार्ग अवरूद्ध हुए हैं तो कई जगहों पर भूस्खलन भी हुआ है। बारिश के चलते पर्यटन नगरी कसौली को धर्मपुर से जाने वाले मार्ग पर भी बीते कल लैंड स्लाइड हुआ, जिस कारण इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। बताया जा रहा है कि कालका-शिमला फोरलेन की ओर हुई स्लाइडिंग के चलते धर्मपुर-कसौली मार्ग पर सडक़ का एक भाग टूट कर गिर गया। गनीमत यह रही कि उस समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। हालांकि कसौली जाने के लिए अब वाया सुक्की जोहड़ी मार्ग का उपयोग किया जा रहा है। वीरवार को सोलन शहर सहित जिला के अधिकांश क्षेत्रों में जमकर मेघ बरसे। जानकारी के अनुसार इस तेज बारिश के चलते कई मार्ग अवरूद्ध हुए। सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग के कसौली मंडल में हुआ है। दोपहर बाद पर्यटन स्थल कसौली को धर्मपुर से जाने वाले मार्ग का एक हिस्सा गिर गया, जिस कारण काफी समय तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई।

धर्मपुर से कसौली की ओर करीब 800 मीटर आगे ही यह घटना घटित हुई। बताया जा रहा है कि फोरलेन निर्माण में की गई कथित गलत कटिंग की वजह से इस मार्ग का खाई वाला हिस्सा धीरे-धीरे धंसता चला गया और देखते ही देखते दोपहर बाद एकाएक काफी बड़ा हिस्सा गिर गया। आनन-फानन में इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकी गई और वाया सुक्की जोहड़ी ही कसौली की ओर वाहनों को भेजा गया। हालांकि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिस स्थान पर यह सडक़ गिरी है वहां से छोटे वाहन निकल सकते हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से बड़े वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। इसके अतिरिक्त कसौली मंडल के अन्य भागों में कई जगह सडक़ पर पेड़ गिर जाने से यातायात अवरूद्ध हुआ है। अधिशासी अभियंता आरके गुप्ता ने बताया किधर्मपुर-कसौली मार्ग पर सडक़ धंसने से मार्ग अवरूद्ध हुआ है। छोटे वाहन चल सकते हैं। ट्रैफिक को वाया सुक्की जोहड़ी भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *