शिमला : अक्टूबर-नवंबर में होने वाले ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप से पहले विमानन कंपनियों ने क्रिकेट प्रेमियों को झटका दे दिया है। इन कंपनियों ने हिमाचल के धर्मशाला में होने वाले 5 क्रिकेट मैचों को देखते हुए दिल्ली से धर्मशाला के फ्लाइट टिकट 500 से लेकर 2800 रुपए तक महंगे कर दिए हैं।सितंबर तक दिल्ली से धर्मशाला के बीच चलने वाली फ्लाइट का न्यूनतम किराया 4168 रुपए रहेगा, लेकिन अक्टूबर स्टार्ट होते ही एयर टिकट महंगे हो जाएंगे। गौरतलब है कि क्रिकेट वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से शुरू होगा। 21 अक्टूबर को इस रूट पर एयर टिकट का अधिकतम किराया 10,311 रुपए रहेगा, क्योंकि उसके अगले दिन यानि 22 अक्टूबर को धर्मशाला में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलना है।
दिल्ली और धर्मशाला के बीच फ्लाइट ऑपरेट करने वाली सभी विमानन कंपनियों ने किराए में बढ़ोतरी की है। इंडिगो ने 6 अक्टूबर को दिल्ली से सुबह 6:40 और सुबह 11:10 बजे चलने वाली अपनी दोनों फ्लाइट्स में टिकट के लिए अधिकतम किराया 8788 रुपए तय किया है। इसी दिन स्पाइस जेट की दोनों फ्लाइट्स में भी अधिकतम किराया 8368 रुपए, इंडिगो एलायंस एयर 7302 रुपए और एलायंस एयर में अधिकतम किराया 6568 रुपए रहेगा। 10 अक्टूबर को होने वाले इंग्लैंड और बांग्लादेश के मैच से एक दिन पहले, नौ अक्टूबर से स्पाइस जेट में टिकट का अधिकतम किराया 9944 रुपए और इंडिगो में अधिकतम किराया 8788 रुपए किराया रहेगा।





