शिमला : शिमला के मशहूर कॉफी हाउस में कॉफी के शौकीन देश विदेश से यहां कॉफी की चुस्कियां लेने के लिए आते हैं। जब भी कोई मेहमान कॉफी हाउस में कॉफी की चुस्की लेने के लिए यहां पहुंचते हैं तो कॉफी हाउस में सबसे सीनियर वेटर भागीरथ के हाथों ही कॉफी पीने के लिए उत्साहित रहते हैं। भागीरथ ने देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर लाल कृष्ण आडवाणी समेत कई नेताओं को कॉफी पिलाई है। सोलन के बड़ोग गांव के रहने वाले भागीरथ एक गरीब परिवार से सम्बंध रखते हैं जिनका जन्म 1968 में एक गरीब परिवार में हुआ। भागीरथ अपने 6 भाई बहनों में से एक हैं जिन्होंने सन 1984 में इंडियन कॉफी हाउस में अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया। 1986 में वह कॉफी हाउस में नियमित हुए उसके बाद से आज तक लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वैसे तो कॉफी हाउस में कॉफी के दीवाने देशभर और विदेशों से पर्यटक आते हैं लेकिन यहां के स्टाफ का सौम्य और सादगी भरा स्वभाव देखकर हर कोई उनका दीवाना है।

हिमाचल के दिग्गज राजनेता जिसमें पहले मुख्यमंत्री वाई एस परमार ,पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह,शांता कुमार,प्रो प्रेम कुमार धूमल समेत तमाम मौजूदा नेता और अभिनेता अनुपम खेर हैं। जिनका भागीरथ के साथ गहरा नाता रहा है। भगीरथ उन वरिष्ठ नागरिकों को भी अपने हाथों से कॉफी पिलाते हैं जिन्होंने विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दी और अब प्रदेश और देश के हर पहलुओं पर अपना चिंतन मंथन करने के लिए कॉफी हाउस में बैठकर अपना समय व्यतीत करते हैं। कॉफी हाउस के भीतर जो भी कॉफी के शौकीन आते हैं वे एकटक भागीरथ को निहारते रहते हैं कब वे उनके टेबल पर आएं और कब उन्हें कॉफी हाउस की कॉफी पिलाएं।
भागीरथ कॉफी हाउस में सबसे वरिष्ठ कर्मचारी हैं जो निरंतर अपनी सेवायें देकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। यदि आप भी कॉफी के दीवाने हैं तो एक बार शिमला के मॉल रोड़ पर स्थित मशहूर कॉफी हाउस में आकर भागीरथ से जरूर मिलें ।





