Home » ताजा खबरें » चंडीगढ़ मनाली NH : सड़क पर मलबा, वाहनों की लंबी कतारें… चंडीगढ़-मनाली हाइवे के जल्द खुलने के आसार कम

चंडीगढ़ मनाली NH : सड़क पर मलबा, वाहनों की लंबी कतारें… चंडीगढ़-मनाली हाइवे के जल्द खुलने के आसार कम

कुल्लू : भारी बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे अभी भी बंद है। चार मील और सात मील के पास मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन इसे बहाल होने में अभी समय लगेगा। बारिश हाइवे बहाली में बाधा बन रही है। हाइवे पर अभी बहुत ज्यादा मलबा पड़ा है। जिसे हटाने में काफी समय लग सकता है। प्रशासन और केएमसी कंपनी लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं। लेकिन इतना ज्यादा मलबा हटाने में लंबा समय लग सकता है। पर्यटक प्रशासन से सड़क जल्द बहाल करने की गुहार लगा रहे हैं।

मंडी में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। मंडी के कई इलाकों में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। चार मील और सात मील के पास लैंडस्लाइड होने से चंडीगढ़-मनाली हाइवे पर लंबा जाम लग गया है। रविवार शाम से हाइवे बंद है, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हिमाचल में मॉनसून ने मचाई तबाही
हिमाचल में मॉनसून को प्रवेश किए अभी केवल 72 ही घंटे हुए हैं। इन 72 घंटों में ही मॉनसून ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। पिछले 24 घंटों के अंदर ही प्रदेश में 3 लोगों की मौत हो चुकी है। कई सड़क मार्ग बंद है, घरों और वाहनों को नुकसान पहुंच चुका है। जिस वजह से हिमाचल प्रदेश में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है।

2.5 करोड़ का नुकसान
राज्य आपदा प्रबंधन की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 2.5 करोड़ की संपत्ति का नुकसान दर्ज किया गया है। भीषण बारिश से 13 घरों को नुकसान पहुंचा है। तेज बारिश से 12 वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। पांच गौशाला और एक प्राइमरी स्कूल जमींदोज़ हो चुका है। सोलन के अर्की में बादल फटने से पांच बकरियों की मौत और 16 लापता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *