शिमला: राजधानी शिमला में दिवाली की रात एक कार की टक्कर से रेलिंग और एक साइन बोर्ड के टूटने के बाद प्रवासी परिवारों के पांच लोग घायल हो गए। इनमें एक महिला और चार माह के मासूम समेत चार बच्चे शामिल हैं। इसमें एक बच्ची की हालात गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग और साथ लगा साइनबोर्ड टूटकर नीचे सो रहे लोगों पर गिर गया। पुलिस के अनुसार यह घटना रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर हुई जब शिकायतकर्ता कैलाश पुत्र लेहरू लाल, निवासी डिंडोली (जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान) अपने परिवार सहित विक्ट्री टनल के पास ओल्ड बस स्टैंड जाने वाले रास्ते पर फुटपाथ पर था। इसी दौरान एक सफेद रंग की टैक्सी (नंबर एचपी01एन 0561) तेज रफ्तार में गलत दिशा से आई और सड़क किनारे रेलिंग को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रेलिंग और लोहे का साइनबोर्ड टूटकर फुटपाथ पर सो रहे लोगों पर जा गिरा। इस हादसे में भैरी (22) पत्नी भैरू, सोना (4) पुत्री भैरू, विशाल (8) पुत्र जमनालाल, माया (6) पुत्री जमनालाल और चार माह का बच्चा किशन पुत्र रामलाल घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रिपन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।थाना सदर पुलिस ने शिकायत पर बीएनएस की धारा 281 व 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार चालक का मेडिकल परीक्षण भी करवाया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की हालत में तो नहीं था। पुलिस के अनुसार सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।
Day: October 21, 2025
मुख्यमंत्री ने श्री गुरू तेग बहादुर के शहीदी दिवस समारोह की समीक्षा की
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि श्री गुरू तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर शिमला में आयोजित होने वाले समारोह के लिए समुचित प्रबन्ध किए जाएं। यह समारोह 1 व 2 नवम्बर, 2025 को रिज और पदमदेव परिसर शिमला में आयोजित किया जाएगा। गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा और शिमला जिला प्रशासन के साथ आज यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए परिवहन व ठहरने की की सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने नगर निगम शिमला को निर्देश दिए कि स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और आयोजन स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं। इस बैठक में विधायक हरीश जनारथा, महापौर शिमला नगर निगम सुरेन्द्र चौहान, सचिव सामान्य प्रशासन राजेश शर्मा, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, निदेशक भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग रीमा कश्यप, सिंह सभा शिमला के अध्यक्ष जसविन्द्र सिंह और प्रदेश के सभी गुरूद्वारों के अध्यक्ष भी उपस्थित थे।
कोटला-बड़ोग नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र में उपलब्ध करवाई जाएंगी अत्याधुनिक सुविधाएंः मुख्यमंत्री
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिला के कोटला-बड़ोग में आधुनिक नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण को लेकर आज यहां सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस केन्द्र में कुल 100 बिस्तरों की क्षमता होगी तथा पुस्तकालय, व्यायामशाला, खेल गतिविधियों, योग साधना और कौशल एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधा भी होगी। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए चिकित्सकों और नर्सों एवं अन्य स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 534.36 लाख रूपये स्वीकृत किए हैं और अगर आवश्यकता हुई तो अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस बैठक में उपायुक्त सोलन और सिरमौर वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने उन्हें निर्देश दिए कि इस केन्द्र की स्थापना के लिए पशु पालन विभाग की भूमि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को स्थानान्तरित की जाए। इस बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्याम भगत नेगी, प्रधान सचिव विधि राजीव बाली, निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सुमित किमटा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
कनाडा की महिला पायलट की क्रैश लैंडिंग से मौत, हादसे के बाद तीसरे दिन मिला शव
शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में पैराग्लाइडिंग साइट बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद कनाडा की 27 वर्षीय महिला पायलट की मौत हो गई। विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने के बाद कनाडा की 27 वर्षीय महिला पायलट की मौत हो गई। महिला ने गत शनिवार को बिलिंग से टेक-ऑफ किया था, लेकिन धर्मशाला के त्रियुंड के पीछे की पहाड़ियों में उसकी क्रेस लैंडिंग हो गई। पायलट की लोकेशन शनिवार को पता चलने के बाद रविवार सुबह देहरादून से आए एक हेलीकॉप्टर द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि खराब मौसम के कारण बचाव दल के सदस्य राहुल को दुर्घटनास्थल से कुछ दूरी पर उतारा गया। राहुल पैदल चलकर पायलट तक पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सोमवार को मौसम अनुकूल होने पर बीड़ से गए बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद तीसरे दिन पायलट के शव को लिफ्ट किया और गगल एयरपोर्ट पहुंचाया। एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को कनाडा एंबेसी के माध्यम से उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के कसोल में होटल में लगी आग, शिमला के बनूटी में दुकानें जलकर राख
शिमला: हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात आग ने कई जगह जमकर कोहराम मचाया। कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसोल में एक निजी होटल ‘कसोल इन’ में भी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
आतिशबाजी के बीच अचानक लगी इस आग ने देखते ही देखते होटल की ऊपरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि ऊपरी मंजिल पर बने फैमिली स्वीट रूम, एक हॉल, दो स्टोर रूम और अन्य कीमती सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। अग्निकांड के दौरान होटल में कई पर्यटक मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान कुछ लोगों का सामान आग की जद में आने से जल गया। अग्निशमन विभाग को सोमवार रात करीब 8 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने एक मिनट के भीतर अपनी टीम रवाना कर दी। अग्निशमन केंद्र से होटल तक की दूरी लगभग नौ किलोमीटर थी, इसलिए फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 18 मिनट का समय लगा। आग पर काबू पाने के लिए दो अग्निशमन वाहन और क्विक रिएक्शन व्हीकल मौके पर भेजे गए। अग्निशमन विभाग की 10 सदस्यीय टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस टीम में एक लीडिंग फायरमैन, दो फायरमैन, पांच होमगार्ड फायरमैन और दो ड्राइवर शामिल थे। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार आग से होटल की करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि लगभग 5 करोड़ रुपये की संपत्ति को समय रहते बचा लिया गया। आगजनी की इस घटना में होटल कसोल इन की ऊपरी मंजिल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा। वहीं, पास में ही स्थित ओडिन हॉस्टल, होटल तेजा सिंह और यश ट्रेडिंग कंपनी की इमारतों को भी बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दिवाली की रात हुई आतिशबाजी से यह आग लगी है।
आज का राशिफल (Aaj ka Rashifal) 21 अक्टूबर 2025 : आज मंगलवार का बना है चंद्र मंगल योग, जानें मेष से मीन तक किन-किन राशियों का होगा मंगल ही मंगल
Aaj Ka Rashifal, 21 October 2025: 21 अक्टूबर का राशिफल ज्योतिषीय गणना के अनुसार मिथुन, कर्क और तुला राशि के जातको के लिए लाभदायक रहेगा। सितारे बताते हैं कि आज चंद्रमा का गोचर दिन रात तुला राशि में मंगल के नक्षत्र चित्रा से होने जा रहा है जो बहुत ही शुभ है। इसके साथ ही आज चंद्रमा और मंगल के बीच युति संबंध भी बनेगा। ऐसे में आज चंद्रमा मंगल योग भी बनेगा। ऐसे में आज का दिन मेष से मीन तक सभी राशियो के लिए कैसा रहेगा जानें आज का राशिफल विस्तार पूर्वक।
मेष राशि, नए ऑर्डर मिलने की प्रबल संभावना
आज नौकरी और व्यवसाय में काम का बोझ अधिक रहेगा, लेकिन व्यस्तता के बीच आप अपने प्रेम जीवन के लिए समय निकाल पाएंगे, जिससे आपका जीवनसाथी खुश रहेगा। दफ्तर में जिन कर्मचारियों से काफी दिनों से बात नहीं हो रही थी, उनके लिए आज का दिन दोस्ती का हाथ बढ़ाने वाला रहेगा। व्यापार करने वाले लोगों को नए ऑर्डर मिलने की प्रबल संभावना है, लेकिन स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें और अपने आहार का विशेष ध्यान रखें।
आज भाग्य 98% आपके पक्ष में रहेगा। तुलसी जी को नियमित जल अर्पण करे और दिया जलाय।
वृषभ राशि, संतान से शुभ समाचार मिलेगा
आज आप सामाजिक कार्यों में लगे नजर आएंगे। छात्रों को शिक्षकों का पूरा सहयोग मिलेगा। व्यापार करने वाले जातकों को आज अपने व्यापार को नई गति देने के लिए किसी बड़े की सलाह की आवश्यकता पड़ेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कुछ खर्चे भी हो सकते हैं, जो आज आपकी इच्छा के विरुद्ध भी करने पड़ेंगे। संतान की ओर से कोई शुभ समाचार सुनने को मिलेगा। आज शाम का समय आप अपने दोस्तों के साथ घूमने फिरने में बिताएंगे।
आज भाग्य 90% आपके पक्ष में रहेगा। गुरुजन या वरिष्ठ लोगों का आर्शीवाद लें।
मिथुन राशि, आर्थिक स्थिति मजबूत होगी
व्यापार करने वाले जातकों के लिए आज का दिन बहुत ही फलदायी रहेगा। व्यापार में कुछ नए सौदे फाइनल होंगे। इससे मन में प्रसन्नता का भाव बना रहेगा। जीवनसाथी के लिए आज कोई उपहार खरीद सकते हैं। व्यापार करने वाले जातकों को धन लाभ हो सकता है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनकी भविष्य की चिंता कम होगी। भाई-बहन के विवाह प्रस्ताव आज आ सकते हैं। आज शाम का समय आप अपने परिजनों के साथ किसी मांगलिक समारोह में बिता सकते हैं।
आज भाग्य 68% आपके पक्ष में रहेगा। शिव चालीसा का पाठ करें।
कर्क राशि, धन लाभ होने की संभावना
व्यापार करने वाले जातकों का मन आज अशांत रह सकता है क्योंकि उनके शत्रु उनके खिलाफ साजिश रच सकते हैं, लेकिन आपको उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी होगी, तभी आप इससे बच सकते हैं। नौकरीपेशा जातकों को आज धन लाभ होने की संभावना है। दोस्तों के साथ कुछ संबंधों में आज खटास आ सकती है, लेकिन आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखना होगा। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन मिलाजुला रहेगा।
आज भाग्य 76% आपके पक्ष में रहेगा। सफ़ेद वस्तु का दान करें।
सिंह राशि, रुका हुआ पैसा वापस मिलेगा
आज आपको नौकरी और व्यवसाय में तरक्की के मौके मिलेंगे। आज आप लोगों को अपनी बनाई योजनाओं पर काम करते हुए देखेंगे, जिससे मन में प्रसन्नता की अनुभूति होगी, लेकिन जल्दबाजी में किया गया काम मुश्किलें बढ़ा सकता है, इसलिए अपने परिवार में नम्रता बनाए रखें और सभी कार्यों को समय पर पूरा करें। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन अच्छा रहेगा। आज के दिन रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। परिवार में आज कोई मांगलिक आयोजन हो सकता है।
आज भाग्य 91% आपके पक्ष में रहेगा। शिवलिंग पर दूध चढ़ाये।
कन्या राशि, स्वास्थ्य में गड़बड़ी हो सकती है
आज आप अपनी संतान के भविष्य को लेकर चिंतित हो सकते हैं, लेकिन शाम तक बड़ों से सलाह लेने के बाद आपकी यह चिंता समाप्त हो जाएगी और स्वास्थ्य में गड़बड़ी हो सकती है, जिसके लिए आपको भागदौड़ करनी पड़ेगी और धन खर्च करना पड़ेगा। विद्यार्थियों को आज शिक्षकों की सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा। मामा के साथ आज कुछ अनबन हो सकती है।
आज भाग्य 94% आपके पक्ष में रहेगा। गौ माता को हरा चारा खिलाये।
तुला राशि, भाग्य का पूरा साथ मिलेगा
आज का दिन आपके घर के रुके हुए कामों को पूरा करने का दिन रहेगा। अगर आज आप कोई निवेश करने की सोच रहे हैं तो उसके लिए भी दिन अच्छा रहेगा और आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। सरलता से बने सभी कार्य पूर्ण होंगे। बैंक में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में आज बढ़ोतरी हो सकती है। लंबी दूरी की यात्रा की संभावना है। कृषि कार्य से जुड़े लोगों को आज विशेष लाभ मिलता नजर आ रहा है। आज शाम को परिजनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो सकता है।
आज भाग्य 90% आपके पक्ष में रहेगा। पीपल पर दूध मिश्रित पानी चढ़ाएं।
वृश्चिक राशि, पिता की सलाह की जरूरत पड़ेगी
आज का दिन आपके लिए कठिन रहेगा इसलिए बिना सोचे समझे कोई भी फैसला न लें, नहीं तो यह आपको मुश्किल में डाल देगा। कारोबार में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए आज आपको अपने पिता की सलाह की जरूरत पड़ेगी। अगर आप कोई डील फाइनल करने वाले हैं तो वह भी आज थोड़ी मुश्किल से पूरी हो जाएगी। आपको प्रतीक्षा करनी पड़ेगी, लेकिन शाम तक कुछ कठिनाइयाँ दूर हो जाएँगी, तब मन में संतोष होगा।
आज भाग्य 70% आपके पक्ष में रहेगा। प्रत्यक्ष देवता भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य दें।
धनु राशि, कानूनी विवाद में जीत मिलेगी
आज आपका कोई कानूनी विवाद चल रहा है तो वह आज समाप्त हो जाएगा, जिसमें धन लाभ होगा। आज जीवनसाथी के साथ कुछ अनबन हो सकती है। अगर आप किसी से कर्ज लेने की सोच रहे हैं तो बिल्कुल न लें क्योंकि उसे चुकाना मुश्किल होगा, अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए दिन अच्छा है इसलिए आलस्य त्याग कर आगे बढ़ें। छात्रों को परीक्षा में सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है।
आज भाग्य 81% आपके पक्ष में रहेगा। भगवान विष्णु के मंदिर में चने की दाल और गुड़ पीले कपड़े में बांधकर चढ़ाएं।
मकर राशि, कार्यक्षेत्र में संभलकर रहना होगा
व्यापार करने वाले जातकों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आज कार्यक्षेत्र में कुछ अच्छे मौके मिलेंगे, जिनके बारे में ज्यादा न सोचें, नहीं तो बात हाथ से निकल सकती है। त्वरित निर्णय लें और आगे की कार्रवाई पर ध्यान दें। आज आप राजनीतिक क्षेत्र में भी प्रसिद्ध होंगे। नौकरीपेशा जातकों को आज कार्यक्षेत्र में संभलकर रहना होगा, नहीं तो विरोधी उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। रोजगार के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए आज बेहतरीन अवसर मिलेंगे।
आज भाग्य 93% आपके पक्ष में रहेगा। गरीबों को वस्त्र एवं भोजन दान करें।
कुंभ राशि, मायके पक्ष से धन प्राप्ति की संभावना
आज आप कारोबार में आ रही परेशानियों का समाधान ढूंढने में सफल रहेंगे। इंश्योरेंस फाइनेंसर प्लानिंग के काम से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन बेहतरीन रहेगा। व्यापार के सिलसिले में कुछ यात्रा करनी पड़ सकती है। मायके पक्ष से धन प्राप्ति की प्रबल संभावना है। विद्यार्थी आज अपने दोस्तों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना सकते हैं। जीवनसाथी की सलाह से किए गए कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। अगर आप किसी काम में निवेश करना चाहते हैं तो उसके लिए आज का दिन अच्छा रहेगा।
आज भाग्य 84% आपके पक्ष में रहेगा। पहली रोटी गौ माता को खिलाये।
मीन राशि, समस्याओं का समाधान निकालेगा
आज आपको अपनी चतुराई से सभी समस्याओं का समाधान निकालना होगा, तभी आपके मन में संतोष रहेगा। आज आपकी सफलता को देखकर लोगों के मन में आपके प्रति द्वेष का भाव रहेगा, लेकिन आपको उनकी परवाह न करते हुए आगे बढ़ना है। आज माता के स्वास्थ्य में कुछ गिरावट आ सकती है। कार्यस्थल में आज कुछ विवाद उत्पन्न हो सकता है, लेकिन आपको इससे बचना होगा।
आज भाग्य 65% आपके पक्ष में रहेगा। किसी जरूरतमंद को चावल का दान करे।